For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

कांग्रेस के दो बड़े नेताओं सहित कइयों ने थामा BJP का दामन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में कांग्रेस के दो बड़े नेताओं ने भाजपा ज्वाइन की।
09:37 AM Mar 20, 2024 IST | BHUP SINGH
कांग्रेस के दो बड़े नेताओं सहित कइयों ने थामा bjp का दामन

जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा है कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसके कार्यकर्ता पूरे साल 24 घंटे पार्टी के लिए काम करते हैं। इसकी वजह से ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। मंगलवार को लोकसभा चुनाव को लेकर जोधपुर कलस्टर की बैठक में आए कायकर्ताओं व नेताओं को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि आपको जनता को बताना है कि केंद्र और राज्य सरकार ने जो कहा, वो किया है। इस बैठक में ही मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कई कांग्रेसियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Advertisement

कलेस्टर बैठक के बाद सीएम ने चारों सीटों के प्रमुख नेताओं के साथ अलग से होटल में भी चर्चा की। बैठक में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, सांसद पीपी चौधरी सहित राज्य मंत्री मंडल के सदस्य, कलस्टर क्षेत्र के विधायक व पूर्व विधायक सहित अन्य नेता शामिल हुए। इससे पहले एअरपोर्ट पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सालेचा, देहात महामंत्री जसवंतसिंह इंदा सहित अन्य नेताओं ने शर्मा की अगुवानी की। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी आने थे, लेकिन किसी कारण से वे नहीं आए। सीएम भजनलाल शाम को उदयपुर में आयोजित कलस्टर बैठक में भी शामिल हुए।

यह खबर भी पढ़ें:-Dausa Lok Sabha : सचिन पायलट और किरोड़ी बाबा की साख दांव पर, जानें किसका पलड़ा भारी?, क्या कहते है सियासी समीकरण

हनुमान सिंह खांगटा ने कांग्रेस पर लगाया आरोप

पूर्व सीएम के नजदीकी हनुमान सिंह खांगटा 30 साल से कांग्रेस में थे। भाजपा जोइन करने के लिए वे मंगलवार को पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी के साथ आए थे। जोइनिंग के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी को टिकट कैसे मिला है, सबको पता है। वहां अब धनबल चल रहा है। समर्पित कार्यकर्ताओं को कोई जगह नहीं है। खांगटा की तरह नागौर के हरसौलाव के सरपंच सुरेश गुर्जर ने भी कांग्रेस छोड़ भाजपा का हाथ थाम लिया।

मोदी राम को लाए इसलिए भाजपा में आए

कांग्रेस से फलौदी विधानसभा का टिकट मांगने वाले ठेकेदार पप्पूराम डारा भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। डारा ने कहा कि वह राम भक्त हैं। मोदीजी ने मंदिर बना दिया, तो भाजपा में आना ही था। आज सही दिन था, इसलिए आ गए। जब उनसे पूछा गया कि ईडी सहित किसी दूसरी एजेंसी केडर से तो नहीं आए हो, तो बोले मैं इनसे नहीं डरता। उन्होंने कहा कि जोधपुर से भाजपा को ही जीताएंगे।

समाजों की नाराजगी दूर करने की कोशिश

भाजपा का दामन थामने वाले नेताओं में दो बड़े नाम राजपूत सभा के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा और विश्नोई समाज के भामाशाह और ठेकेदार पप्पूराम डारा का हैं। माना जा रहा है कि इन दोनों को भाजपा में लाकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने चुनाव का डेमेज कंट्रोल किया है। विश्नोई समाज केंद्र के आरक्षण के मुद्दे को लेकर नाराज चल रहा है, वहीं कांग्रेस से समाज के राजपूत नेता को लाकर सबको साधने का प्रयास किया गया है।

यह खबर भी पढ़ें:-मान गए रविंद्र सिंह भार्टी, CM से की मुलाकात, कैलाश चौधरी का पलड़ा हुआ भारी?

.