For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, सर गंगाराम अस्पताल में करवाया गया भर्ती

06:51 PM Mar 03, 2023 IST | Sanjay Raiswal
सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी  सर गंगाराम अस्पताल में करवाया गया भर्ती

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी खराब स्वास्थय के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें बुखार की शिकायत के बाद गुरुवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर्स की निगरानी में उन्हें रखा गया है। बताया जा रहा है कि उनके सीने में इंफेक्शन है, हालांकि अभी उनकी हालत स्थिर है।

Advertisement

सर गंगाराम अस्पताल की ओर से जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, सोनिया गांधी का चेस्ट मेडिसिन डिपार्टमेंट के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अरूप बासु की निगरानी में इलाज चल रहा है। सोनिया गांधी को 2 मार्च को बुखार आने के बाद भर्ती कराया गया है,उनकी हालत स्थिर है। फिलहाल, वह लगातार डॉक्टर्स की निगरानी में हैं और कई जांचों के दौर से गुजर रही हैं।

जनवरी में भी अस्पताल में भर्ती हुईं थीं सोनिया गांधी

बता दें कि इससे पहले 5 जनवरी को भी सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने के बाद गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोनिया गांधी को वायरल संक्रमण की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर्स की एक टीम की निगरानी में उनका इलाज चला था। उस समय सोनिया की बेटी प्रियंका गांधी अपनी मां के साथ मौजूद थीं।

रायपुर में पार्टी महाधिवेशन में शामिल हुई थीं सोनिया

बता दे कि सोनिया गांधी अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते अब ज्यादा सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं लेती हैं। हालांकि, पार्टी के सभी कार्यक्रमों में वह जरूर मौजूद रहती हैं। गौरतलब है कि हाल ही में उन्हें छत्तीसगढ़ के रायपुर में कांग्रेस के 85वां पूर्ण अधिवेशन में देखा गया था। सोनिया के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया था।

.