For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

देशभर में मानसून सक्रिय…अमरनाथ यात्रा पर लगा ब्रेक! उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से सड़क मार्ग अवरुद्ध

देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। ऐसे में कई जगह बाढ़ के हालात बने हुए है। वहीं, जगह लैंडस्लाइड व बादल फटने के वजह से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
11:11 AM Jul 07, 2023 IST | Anil Prajapat
देशभर में मानसून सक्रिय…अमरनाथ यात्रा पर लगा ब्रेक  उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से सड़क मार्ग अवरुद्ध

नई दिल्ली। देशभर में मानसून (Monsoon) पूरी तरह सक्रिय है। ऐसे में कई जगह बाढ़ के हालात बने हुए है। वहीं, जगह लैंडस्लाइड व बादल फटने के वजह से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उत्तराखंड में बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड की वजह से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गई है तो खराब मौसम और तेज बारिश के वजह से अमरनाथ यात्रा को रोका गया है। मौसम विभाग की मानें तो देशभर में जारी मानसून के दौरे से अभी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने आज देश के 16 राज्यों में येलो और 11 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक अमरनाथ यात्रा का एक और जत्था आज सुबह बाबा बर्फानी के जयघोष करते हुए रवाना हुआ था। लेकिन, खराब मौसम और तेज बारिश के वजह से अमरनाथ यात्रा को रोका गया है। बालटाल और पहलगाम के रास्ते पर यात्रा को रोका गया है। तीर्थ यात्रियों को पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए जाने की इजाजत नहीं है। यात्रियों को बालटाल और पहलगाम बैस कैंप पर रोका गया है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक मौसम के साफ होने पर ही श्रद्धालुओं को आगे की तीर्थ यात्रा की अनुमति दी जाएगी। बता दें कि अमरनाथ यात्रा एक जुलाई से शुरू हुई थी, जो 31 अगस्त तक चलेगी।

पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण सड़क अवरुद्ध

इधर, उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते इन दिनों लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। चमोली में देर रात बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर छिनका के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई है। वहीं, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के धारचुला में बादल फटने की सूचना है। जिससे सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और मलबा जमा हो गया है। जिसके चलते रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। साथ ही चल गांव के करीब 200 लोगों को आवाजाही बंद हो गई है। पैदल पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल के लिए रवाना हुई। लेकिन, सड़क मार्ग बंद होने की वजह से टीम रास्ते में ही फंस गई है।

हिमाचल में भी बारिश का कहर

वहीं, हिमाचल में भी बारिश का कहर जारी है। जगह-जगह लैंडस्लाइड की वजह से 45 सड़क मार्ग बंद हो गए है। इसके अलावा सिरमौर के एक गुरुद्वारे की छत गिरने से एक युवक की मौत हो गई है। हिमाचल में बारिश के चलते 319 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। लैंडस्लाइड की वजह से गुरुवार शाम कालका-शिमला फोरलेन कुछ देर के लिए बंद रहा। वहीं, धर्मपुर-कसौली मार्ग भी करीब पांच घंटे बंद रहा। जिसके चलते स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इन राज्यों में आज येलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आज राजधानी दिल्ली सहित हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलांगना, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश और तिरुवनंतपुरम में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ये खबर भी पढ़ें:-प्रफुल्ल समेत नौ लोगों को किया पार्टी से निष्कासित, शरद पवार बोले ‘मैं ही हूं राकांपा का अध्यक्ष’ 

.