For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

Maharashtra Road Accident : महाराष्ट्र में कंटेनर से टकराई मिनी बस, हादसे में 12 लोगों की मौत, 23 घायल

02:33 PM Oct 15, 2023 IST | Sanjay Raiswal
maharashtra road accident   महाराष्ट्र में कंटेनर से टकराई मिनी बस  हादसे में 12 लोगों की मौत  23 घायल

Maharashtra Road Accident : महाराष्ट्र में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां छत्रपति संभाजीनगर जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार मिनी बस एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 23 लोग गंभीर घायल हो गए।

Advertisement

पुलिस ने बताया कि यह हादसा मुंबई से लगभग 350 किलोमीटर दूर स्थित एक्सप्रेसवे के वैजापुर इलाके में रात 12.30 हुआ। बस में करीब 35 यात्री सवार थे और सभी लोग बुलढाणा जिले में सैलानी बाबा दरगाह के दर्शन करके नासिक लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर ने बस से कंट्रोल खो दिया जिसके चलते बस पीछे की ओर से कंटेनर से टकरा गई।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में मारे गए 12 लोगों में पांच पुरुष, छह महिलाएं और एक नाबालिग लड़की शामिल है। 23 अन्य को चोटें आईं और उन्हें एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरने वाले सभी नासिक शहर के रहने वाले थे।

वैजापुर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मिनी बस ओवरलोड थी। इसकी क्षमता 17 लोगों को ले जाने की थी, लेकिन इसमें लगभग 35 यात्री यात्रा कर रहे थे। वहीं, बस चालक ने दावा किया कि ट्रक अचानक वाहन के सामने आ गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख...

इधर, हादसे की जानकारी मिलने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। साथ ही, पीएम ने पीड़ितों के परिवार के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक्स पर इस हादसे पर दुख व्यक्त किया गया। सोशल मीडिया पर लिखा, मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीड़ितों के परिवारों को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। घायलों के इलाज का खर्च भी सरकार उठाएगी।

.