होमइंडिया
राज्य | राजस्थानमध्यप्रदेशदिल्लीउत्तराखंडउत्तरप्रदेश
मनोरंजनटेक्नोलॉजीस्पोर्ट्स
बिज़नेस | पर्सनल फाइनेंसक्रिप्टोकरेंसीबिज़नेस आईडियाशेयर मार्केट
लाइफस्टाइलहेल्थकरियरवायरलधर्मदुनियाshorts

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान...7 चरणों में मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे

04:10 PM Mar 16, 2024 IST | Sanjay Raiswal

नई दिल्ली। देश में 18वीं लोकसभा के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) चुनाव कार्यक्रम का ऐलान हो गया है। इसके साथ ही देशभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई। लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान के लिए चुनाव आयोग ने दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सबसे पहले कहा कि चुनाव का पर्व, देश का गर्व। उन्होंने बताया कि इस बार 96.8 करोड़ वोटर्स वोट डालने जा रहे हैं। यानी कि करीब 97 करोड़ लोग लोकसभा चुनाव में वोट डालेंगे।

राजस्थान में दो चरणों में होंगे चुनाव

लोकसभा की 543 सीटों पर 7 फेज में वोटिंग होगी। लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी तय हो गई है। सात चरणों में आम चुनाव करवाए जाएंगे। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल, दूसरी फेज की वोटिंग 26 अप्रैल, सात मई को तीसरा फेज, 13 मई को चौथा फेज, 20 मई को पांचवां फेज, 25 मई को छठा फेज और एक जून को सातवें चरण की वोटिंग होगी। वहीं 4 जून को परिणामों की घोषणा होगी। राजस्थान में 2 चरणों में 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को चुनाव होंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने कहा- 'हम देश को वास्तव में उत्सवपूर्ण, लोकतांत्रिक माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होने वाला है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम की विधानसभाओं का कार्यकाल भी जून 2024 में खत्म होने वाला है। जम्मू और कश्मीर में भी चुनाव होने हैं।'

पहले चरण में 19 अप्रैल को होंगे चुनाव

पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटें के लिए वोटिंग होगी। वहीं दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। इस दिन 13 राज्यों की 89 लोकसभा सीटें के लिए वोटिंग होगी। वहीं तीसरे चरण में 7 मई को वोटिंग होगी, जिसमें 12 राज्यों में 94 लोकसभा सीटें के लिए मतदान होगा। चौथे फेज में 13 मई को मतदान होगा। जिसमें 10 राज्यों की 96 लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। पांचवे चरण में 20 मई को मतदान होगा। इस दिन 8 राज्य की 49 लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। इस दिन 7 राज्यों में 57 लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। सातवें चरण में 1 जून को वोटिंग होगी। इस दिन 8 राज्यों की 57 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। वहीं 4 जून को चुनाव परिणाम जारी होंगे।

हर उम्र वर्ग के मतदाताओं की कुल संख्या 97 करोड़

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने कहा कि हमारे पास 97 करोड़ मतदाता हैं। हमने पिछले एक साल में नए वोटरों को जोड़ने पर बहुत मेहनत की है। इस बार 18 से 19 वर्ष के 1.8 करोड़ मतदाता होंगे। 20 से 29 साल उम्र के 19.74 करोड़ मतदाता होंगे। 82 लाख मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 85 साल से ज्यादा है।

49.7 करोड़ पुरुष, 47.1 करोड़ महिलाएं हैं मतदाता

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि देश में कुल मतदाताओं में 49.7 करोड़ पुरुष, 47.1 करोड़ महिलाएं, 48 हजार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार, देशभर में मतदाता लिंगानुपात 948 है, 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, ''हमारी मतदाता सूची में 85 साल से अधिक उम्र के 82 लाख और सौ साल से अधिक उम्र के 2.18 लाख मतदाता शामिल हैं।'

Next Article