For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

Rajasthan Budget 2023: गहलोत के पिटारे पर आमजन के साथ मंत्रियों की भी है नजर

08:13 AM Feb 10, 2023 IST | Supriya Sarkaar
rajasthan budget 2023  गहलोत के पिटारे पर आमजन के साथ मंत्रियों की भी है नजर

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज अपना 10वां बजट पेश करेंगे। इसी के साथ ही वे पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के 10 बार बजट पेश करने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर लेंगे। बजट से आमजनता को तो उम्मीद हैं ही गहलोत के मंत्री भी इस बजट से आस लगाए बैठे हैं। मंत्रियों का कहना है कि आना वाला बजट विपक्ष की बोलती बंद करने वाला होगा। जलदाय मंत्री एवं विधानसभा मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी ने बजट से पहले सीएम गहलोत का आभार जताया। साथ ही बजट में मिलने वाली सौगातों के लिए प्रदेशवासियों को अग्रिम बधाई दी।

Advertisement

मंत्री महेश जोशी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश में पहली बार कोई मुख्यमंत्री जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए साहसिक तरीके से दृढ़ संकल्प के साथ इस तरह से बजट पेश करने जा रहे हैं। गहलोत के इस प्रयास के लिए बहुत-बहुत आभार। साथ ही आमजन हितार्थ पेश किए जा रहे बजट में मिलने वाली सौगातों के लिए प्रदेशवासियों को ढेर सारी अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं।

इस बजट में सभी को सौगात 

बजट को लेकर उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि बालिका, बच्चे, महिलाएं, व्यापारी, कर्मचारी इस बजट में सभी को सौगात मिलेगी। 4 वर्ष के जो भी बजट पेश हुए वो भी किसान सहित हर वर्ग को शामिल करते हुए हैं। मुख्यमंत्री की खासियत है हर वर्ग को साथ लेकर चलें हैं। उन्होंने व्यापारियों से भी बात की, छात्र संघों से भी की। धर्मगुरुओं सहित किसानों से बात कर जनता का बजट जनता के हित में पेश किया था।

नया कीर्तिमान स्थापित करेगा बजट 

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि जनता के कल्याण के लिए समर्पित यह बजट आमजन को राहत देगा। वहीं अब तक के पेश हुए बजट के सामने नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि बचत, राहत और बढ़त की थीम पर पेश होने वाला यह बजट जहां आम आदमी की उन्नति के नए मार्ग प्रशस्त करेगा। वहीं युवा विकास पर मुख्यतः केन्द्रित होगा।

बालोतरा को जिला बनाने के लिए लिखा पत्र 

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने बजट में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बालोतरा को अलग जिला घोषित करने की मांग की। चौधरी ने कहा कि राजस्थान का बाड़मेर जिला क्षेत्रफल की दृष्टि से काफी बड़ा है। साथ ही विषम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमावर्ती क्षेत्र होने के चलते आमजन और प्रशासनिक कार्मिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा जनसंख्या, दूरी, उद्योग, पर्यटन सहित हर पैमाने से बालोतरा जिला बनने का प्रबल दावेदार है।

(Also Read- बजट से पहले बोले मंत्री टीकाराम जूली, कहा- प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा)

.