CM भजनलाल का राजस्थान में जल संकट को लेकर बड़ा कदम, चिनाब नदी बेसिन से जल परियोजनाओं की मांग
राजस्थान में लंबे समय से जारी जल संकट को कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल को एक पत्र लिखकर चिनाब नदी बेसिन से जुड़ी तीन बड़ी जल परियोजनाओं को शीघ्र लागू करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि हिमालय से निकलने वाली चिनाब जैसी नदियों का अतिरिक्त पानी पूर्व की ओर बहने वाली ब्यास, रावी और उझ नदियों में लाकर राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई राज्यों को महत्वपूर्ण लाभ पहुंचाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने इस पत्र में राज्य की जल आवश्यकताओं का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान को पीने के लिए 1.0 मिलियन एकड़ फीट (MAF), सिंचाई के लिए 1.0 MAF और औद्योगिक उपयोग के लिए 0.2 MAF पानी की आवश्यकता है। राज्य में प्राकृतिक झीलों और जलाशयों की 1.0 MAF पानी स्टोर करने की क्षमता भी है, जिसका सही उपयोग इन जल परियोजनाओं से संभव हो सकेगा।
इन परियोजनाओं के लागू होने से राजस्थान को मिलेगा लाभ
ब्यास और सतलुज नदियों में पानी की मात्रा बढ़ेगी, जिससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान को भी फायदा होगा। इंदिरा गांधी नहर को अधिक पानी मिलेगा, जिससे पश्चिमी राजस्थान की बड़ी आबादी को सिंचाई और पीने के पानी की समस्या में राहत मिलेगी। राज्य के कृषि क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र को जल उपलब्धता बढ़ने से समग्र विकास में मदद मिलेगी।
राजस्थान सरकार की यह पहल राज्य के जल संकट को कम करने की दिशा में एक बड़ा सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।