For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

राजस्थान के इस गांव में जोशीमठ जैसे हालात, दहशत में लोगों ने खाली किए घर

03:03 PM Jan 20, 2023 IST | Sanjay Raiswal
राजस्थान के इस गांव में जोशीमठ जैसे हालात  दहशत में लोगों ने खाली किए घर

टोंक। उत्तराखंड के जोशीमठ के हालात दिन ब दिन बदतर होते जा रहे हैं। जोशीमठ के मौजूदा हालात राज्य सरकार से लेकर केंद्र तक के लिए चिंता का विषय बने हुए है। वहीं राजस्थान के टोंक जिले के उपखंड गांव डिग्गी में आधा दर्जन घरों में ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। डिग्गी गांव के करीब आधा दर्जन मकानों में रहस्यमयी तरीके से आई दरार से लोगों में डर बैठ गया है। घरों में आई दरारों से लोग चिंतित है। उन्होंने अब मकानों को खाली करना शुरू कर दिया है। वहीं, इस मामले में उपखंड अधिकारी रामकुमार वर्मा ने बताया कि टेक्निकल अधिकारियों की रिपोर्ट शनिवार तक प्राप्त होगी। उसके बाद समाधान के प्रयास किए जाएंगे।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, प्रसिद्ध कल्याण जी महाराज के ग्राम डिग्गी के वार्ड संख्या 12 में आधा दर्जन से ज्यादा मकानों में अचानक से दरारें आ गई है। घरों में दरारे आने से लोगों के दहशत का माहौल है। वहीं इस मामले में लोगों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद एसडीएम ने मौका मुआयना किया। जिसमें उपखंड अधिकारी ने प्रशासन के साथ मुआयना करने के बाद मिट्टी की टेस्टिंग कराने की बात कही थी।

मकानों में दरार के चलते रिश्तेदारों के यहां ली शरण

वहीं, मकानों में बढ़ती दरारों से घबराए बुद्धि प्रकाश माली अपना घर खाली करके अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। बुद्धि प्रकाश माली का कहना है कि मकानों में दरारें बढ़ने से कभी भी बड़ा हादसा होने की संभावना है। इसलिए हम मकान खाली कर रहे हैं। दरारों के चलते मकान कभी भी गिर सकते हैं।

आधा दर्जन मकानों में दरारें

वहीं डर के साए में रह रहे लोगों का कहना कि इन मकानों में रहना खतरे से खाली नहीं है। प्रशासन को इस समस्या का समाधान करना चाहिए। ताकि मकानों में आई दरारों को रोका जा सके। वर्तमान में आधा दर्जन ही मकानों में दरारें आई हुईं हैं। यहां कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

दो माह पहले भी आई थी दरारें…

बता दें कि दो महीने पूर्व भी डिग्गी में कल्याण मंदिर के पीछे के क्षेत्र में मकानों में पेयजल पाइपलाइन के रिसाव हो जाने से यहां के मकानों दरारें आ गई थीं। इसके बाद जिला कलेक्टर ने मौका मुआयना कर मकानों की स्थिति को देखते हुए तत्काल प्रभाव से यहां रह रहे लोगों का शिफ्ट कराया था।

.