For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

वसुंधरा राजे के स्वागत के बीच में भाजपा कार्यकर्ताओं की कटी जेब, 22 हजार रुपए हुए पार

06:18 PM Feb 22, 2023 IST | Jyoti sharma
वसुंधरा राजे के स्वागत के बीच में भाजपा कार्यकर्ताओं की कटी जेब  22 हजार रुपए हुए पार

राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे आज अलवर में हैं। यहां वे पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की बेटी मानविका की शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई हुई हैं, आज जब उनका अलवर आने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया था इस दौरान दो भाजपा कार्यकर्ताओं की जेब कट गई। किसी ने उनसे 22 हजार रुपए पार कर दिए, जबरदस्त भीड़ के चलते यह काम इतनी साफगोई से किया गया कि किसी को भनक तक नहीं लगी।

Advertisement

भीड़ का फायदा उठाकर किया हाथ साफ

जानकारी के मुताबिक कटी घाटी पर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता वसुंधरा राजे का स्वागत सत्कार कर रहे थे, तभी माला और साफा पहनाने के बीच यह वारदात हो गई। बेशुमार भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने पार्षद अविनाश खंडेलवाल और आनंद बेनीवाल की जेब ही काट दी। उन्होंने बताया कि दोनों कार्यकर्ताओं की जेब से करीब 22 हजार रुपए गायब हो गए जैसे ही उनको पता लगा कि जेब में रखे हुए पैसे गायब हो चुके हैं उसके बाद उन्होंने जेब काटने वाले लोगों की तलाश शुरू की लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। उसके बाद कार्यकर्ता पार्षद अविनाश खंडेलवाल और आनंद बेनीवाल दोनों नगर परिषद सभापति घनश्याम गुर्जर को साथ लेकर अरावली विहार थाने पहुंचे और यहां पर जेब काटने की शिकायत दी गई।

थाने में दर्ज कराया मामला

पार्षद अविनाश खंडेलवाल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अलवर आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए कटी घाटी गए थे जहां उन्होंने 9 हजार रुपए अपनी जेब में रखे हुए थे लेकिन जैसे ही वह भीड़ में उनका स्वागत करने के लिए गए तब उनकी जेब से पूरे 9000 रुपए गायब मिले। आनंद बेनीवाल की जेब से भी 13000 रुपए निकाल लिए गए। अब पुलिस जेब कतरों की तलाश में लगी है।

शादी समारोह में गहलोत-वसुंधरा समेत शामिल हो रहे हैं VVIP

बता दें कि इस शादी में बड़े-बड़े VVIP हस्तियों का जमावड़ा लग रहा है। इस शादी में करीब 500 मेहमान शामिल हो रहे हैं। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे अलवर पहुंच चुके हैं। शादी में प्रियंका गांधी, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत भी शामिल होंगे,हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सक्खू के भी अलवर आने का कार्यक्रम था लेकिन कुछ कारणों के चलते उनका कार्यक्रम कैंसिल हो गया। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भी इस शादी में आने की संभावना जताई जा रही है। यह शादी समारोह अलवर के फूल बाग पैलेस में आयोजित किया गया है. बारात एक दिन पहले ही मंगलवार को अलवर आ चुकी थी। यहां पर बीते दोपहर को कलश बंधवाई की रस्म भी हुई। मेहमानों के लिए अलवर के अधिकतर होटल बुक कर लिए गए हैं।

.