For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

बजट पेश होने से पहले सीएम आवास घेरने निकले बीजेपी कार्यकर्ता, पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की 

09:40 AM Feb 10, 2023 IST | Supriya Sarkaar
बजट पेश होने से पहले सीएम आवास घेरने निकले बीजेपी कार्यकर्ता  पुलिस के साथ हुई धक्का मुक्की 

जयपुर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने गुरुवार को प्रदेश सरकार पर हमला बोला। वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए मोर्चा के कार्यकर्ता सीएम आवास घेरने के लिए निकले। मोर्चा ने पिछले 4 सालों में अल्पसंख्यक समाज से वादाखिलाफी के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और कहा कि कांग्रेस सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए वादों पर खरी नहीं उतर पाई हैं।

Advertisement

प्रदेशभर से मोर्चा के कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे और उन्होंने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। इसके बाद भाजपा मुख्यालय पर सभा की और वहां से सीएम आवास को घेरने के लिए कूच कर गए। हालांकि पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बीच रास्ते में ही बैरिकेड लगाकर रोक दिया। जैसे ही पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।

भाजपा कार्यकर्ता सीएम आवास की ओर जाने का प्रयास करते नजर। कई देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही और पुलिस व कार्यकर्ता आपस में उलझते हुए नजर आए। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां भी शामिल हुए और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सादिक खान भी मौजूद रहे।

तमाम मोर्चे पूरे राजस्थान में पार्टी की ताकत बने: पूनिया

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने प्रदर्शन के दौरान संबोधित करते हुए कहा कि हमारे सभी सातों मोर्चे पार्टी की ताकत बने हैं। इसमें अल्पसंख्यक, युवा, महिला, किसान, एससी-एसटी सहित अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा हमारी पार्टी की ताकत है। यह तमाम मोर्चे आज कांग्रेस के खिलाफ हैं। वहीं अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब-जब प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, तब–तब अल्पसंख्यकों के लिए काफी अच्छे काम किए गए हैं। जामा मस्जिद का काम भैरों सिंह शेखावत सरकार ने करवाया।

वहीं, वक्फ बोर्ड का जिक्र करते हुए कहा कि वक्फ का भवन वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में बनाया गया। मदरसा बोर्ड के लिए जमीन भी राजे सरकार के कार्यकाल में मिली। जबकि कांग्रेस सरकार ने अल्पसंख्यक विशेषतौर पर मुस्लिमों के साथ भेदभाव किया है। जो वादे किए, उन्हें पूरा नहीं किया।

महिलाएं भी शामिल हुईं 

प्रदर्शन में कई महिलाएं भी शामिल हुईं। इस दौरान काले गुब्बारे भी आसमान में उड़ाए गए। भाजपा कार्यालय से सीएम आवास को कू च करने के लिए रवाना हुई रैली को 22 गोदाम पर पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद कार्यकर्ता बीजेपी ऑफिस की तरफ आने लगे तो राजमहल चौराहे से वे सिविल लाइंस फाटक की ओर जाने लगे। तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान हल्की झड़प भी हुई।

(Also Read- ‘बचत, राहत, बढ़त’ की थीम पर गहलोत का बजट आज, गरीब और आम वर्ग पर फोकस की पूरी उम्मीद)

.