For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

बजरंग दल का मामला उठाकर महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे से ध्यान भटका रही है बीजेपी- CM अशोक गहलोत

10:44 PM May 04, 2023 IST | Jyoti sharma
बजरंग दल का मामला उठाकर महंगाई  बेरोजगारी के मुद्दे से ध्यान भटका रही है बीजेपी  cm अशोक गहलोत

चित्तौड़गढ़। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत महंगाई राहत कैंप के अवलोकन के लिए आज चित्तौड़गढ़ पहुंचे। उन्होंने यहां के सेमलपुरा में महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरित किए। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। जिसमें उन्होंने महंगाई राहत कैंप और सरकारी योजनाओं के बारे में जनता को बताया।

Advertisement

राजस्थान आज पूरे देश में नंबर 1

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि महंगाई को कम करने के लिए हमने कई योजनाएं चलाई हैं। जिनसे इस महंगाई राहत कैंप के जरिए लोगों को जोड़ा जा रहा है। आप लोग भी जाएं, अपने रिश्तेदारों, अपने पहचान वालों को इसके बारे में बताएं। ताकि उन्हें भी इसका भरपूर लाभ मिले। इन योजनाओं के चलते हमारा राजस्थान आज पूरे देश में नंबर वन बना हुआ है। कई ऐसी योजनाएं है जो पूरे देश में किसी भी राज्य में नहीं हैं। इन्हीं के बलबूते हम 2023 में कांग्रेस की सरकार रिपीट करने जा रहे हैं।

अगली बार कांग्रेस सरकार रिपीट

सीएम ने कहा कि हमने सर्वे कराया है, जिसमें सामने आया है कि अगली बार यहां पर सरकार कांग्रेस की बनेगी और आप लोगों का आशीर्वाद चाहिए। इसके लिए मेरा मन कहता है कि इस बार आप अपना मूड बदलोगे और एक बार फिर से कांग्रेस को मौका दो। कांग्रेस को मौका दोगे तो हम इन स्कीम्स को और अच्छा कर सकेंगे इनका दायरा और ज्यादा बढ़ा सकेंगे।

लोगों का असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है भाजपा

सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि यह योजनाएं कमरतोड़ महंगाई से आपको निजात दिलाने के लिए हैं। आज के दौर में महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं लेकिन भाजपा इन दोनों मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका रही है। अनर्गल मुद्दा उठा रहे हैं। जिनसे इनसे लोगों का ध्यान हट जाए। भाजपा पर निशाना साधते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि आज वह बजरंग दल को बैन करने का मुद्दा उठाते हैं। लोगों के अंदर भ्रम फैला रहे हैं। असली मुद्दा तो महंगाई और बेरोजगारी का है। आज पूरे देश में युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है लेकिन हम उन्हें नौकरी दे रहे हैं।

क्या मैं हिंदू नहीं

बजरंग दल को लेकर कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक बोल देते हैं। हम पर सवाल खड़े करते हैं। अब बताइए क्या हम हिंदू नहीं हैं, क्या मैं हिंदू नहीं, क्या मैं भगवान को नहीं मानता हूं। बीजेपी वालों के लिए सिर्फ हिंदू वही है जो उन्हें वोट देता है। जो उन्हें वोट नहीं दे वो हिंदू ही नहीं है।

डूंगरपुर में भी किया महंगाई राहत कैंप का अवलोकन

बता दें कि हेलीपैड पर पहुंचने पर अशोक गहलोत का स्वागत जिला कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल और पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने किया। इसके साथ ही सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इससे पहले अशोक गहलोत डूंगरपुर में महंगाई राहत कैंप का अवलोकन करने के लिए गए थे। वहां पर भी उन्होंने इस कैंप का निरीक्षण किया। लोगों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड बांटे और कार्यक्रम को संबोधित किया।

.