For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

धौलपुर में सो रहे परिवार पर ऊपर से आई आफत, मकान की छत ढहने से छोटी बहन की मौत, बड़ी घायल

02:28 PM Feb 15, 2024 IST | Sanjay Raiswal
धौलपुर में सो रहे परिवार पर ऊपर से आई आफत  मकान की छत ढहने से छोटी बहन की मौत  बड़ी घायल

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में गुरुवार अलसुबह एक मकान की छत ढह गई। छत के ढहने से 12 साल की किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बड़ी बहन गंभीर रूप से जख्मी हुई है। जिसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। घटना से परिजनों में मातम पसर गया है। यह घटना मनियां थाना क्षेत्र के मांगरोल गांव की है।

Advertisement

अलसुबह अचानक गांव मांगरोल में मकान की छत धराशाई होने से चीख पुकार मच गई। सुबह लोग गहरी नींद में सो रहे थे। हादसे व चीख पुकार की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने निजी स्तर पर छत के मलबे को हटाकर दोनों लड़कियों का रेस्क्यू किया और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मनिया राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

जिला अस्पताल में भर्ती घायल मीनेश (15) पुत्री आसाराम लोधा ने बताया कि उसके पिता महाराष्ट्र में एक टायर फैक्ट्री में काम करते हैं। पिता के बाहर होने के चलते वह अपनी छोटी बहन मन्नो (12) पुत्री आसाराम के साथ कमरे में लकड़ी के तख्त पर सो रही थी। उनके पास मां और भाई भी सो रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक छत की पट्टी टूट कर गिर गई।

पट्टी टूटकर तख्त पर सो रही दोनों मासूमों पर जा गिरी। हादसे में छोटी बहन मन्नो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बहन मीनेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां से मृतक किशोरी का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

सीओ मनोज कुमार गुप्ता ने बताया मकान की छत ढहने से यह हादसा हुआ है। घटनास्थल का पुलिस ने मौका मुआयना किया है। दुर्घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। उधर, घटना से परिजनों में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। घटना के बाद परिजन प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

.