For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

बीकानेर में युवक की गला दबाकर हत्या…6 महीने पहले ही हुई थी शादी

12:21 PM Dec 24, 2023 IST | Sanjay Raiswal
बीकानेर में युवक की गला दबाकर हत्या…6 महीने पहले ही हुई थी शादी

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवकी की गला दबाकर हत्या की है। मृतक युवक की 6 महीने पहले ही शादी हुई थी और पत्नी पीहर में है। यह घटना बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में देराजसर गांव की ढाणी में शुक्रवार रात की है। घटना की जानकारी मिलने पर SP तेजस्वनी गौतम खुद मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड के साथ एफएसएल टीम ने भी छानबीन की।

Advertisement

पुलिस ने शनिवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया। रविवार को पोस्टमॉर्टम के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मोर्चरी पर पहुंचे और शव लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि पहले हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए, इसके बाद ही पोस्टमॉर्टम किया जाए। शनिवार शाम को पोस्टमॉर्टम हो गया, लेकिन परिजनों ने शव नहीं लिया। रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मोर्चरी के आगे धरने पर बैठ गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक हत्या करने वाले पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। जब तक पुलिस हत्यारों की नहीं पकड़ लेती तब तक वे शव नहीं लेंगे। वहीं पूरे गांव के ग्रामीण सामूहिक रूप से परिजनों के साथ है एवं गांव की सभी दुकानें, प्रतिष्ठान भी बंद है। देराजसर के निकटवर्ती सूडसर उपतहसील मुख्यालय पर भी बंद का आह्वान किया गया है। सूडसर व्यापार मंडल अध्यक्ष सोहनदास स्वामी ने भी हत्या के मामले में गिरफ्तारी नहीं होने पर रोष जताया है।

इधर, शेरूणा थानाधिकारी इंद्रलाल ने बताया कि मृतक महेन्द्र है, जिसका विवाह करीब छह माह पहले हुआ था। महेंद्र अपनी ढाणी में बाहर बने कमरे में अकेला सो रहा था। सर्दी के कारण परिवार के अन्य लोग कमरे बंद करके सो रहे थे। सुबह महेंद्र को उठाने गए तो पता चला कि वो मृत अवस्था में मिला।

युवक की हत्या की सूचना पर शेरूणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस की प्रथम दृष्टता जांच में सामने आया है कि युवक की गला दबाकर हत्या की है।

आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि दो युवक शुक्रवार को महेंद्र के पिता डूंगरराम भादू के घर का पता पूछ रहे थे। कई जगह लोगों से महेंद्र के खेत के बारे में भी जानकारी ली गई। महेंद्र से मिलने के लिए कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में ये दो युवक ही हत्या में शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब दोनों अज्ञात युवकों की तलाश कर रही है।

वहीं युवक की हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर सकती है। उसकी पत्नी के बारे में भी पुलिस ने जानकारी ली है, फिलहाल वो अपने पीहर है। ससुराल वालों को भी इस बारे में सूचना दी गई है। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

.