For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

185KG की रोटी: 3 राज्यों के हलवाइयों ने मिलकर बनाई दुनिया की सबसे बड़ी रोटी, जानें क्यों-कहां बनी?

05:53 PM Oct 08, 2023 IST | Sanjay Raiswal

भीलवाड़ा। वैसे तो रोटी हम सबके घर में बनाई जाती है। लेकिन राजस्थान के भीलवाड़ा में रविवार को विश्व की सबसे बड़ी 185 किलो की रोटी बनाई गई। रोटी को तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। अब इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भेजा जाएगा। खास बात ये है कि इस रोटी को बनाने के लिए दो दिनों से तैयारियां चल रही थीं। राजस्थान सहित गुजरात और महाराष्ट्र के हलवाइयों ने मिलकर इसे तैयार किया।

Advertisement

भीलवाड़ा शहर के हरिसेवा धाम में महामंडलेश्वर संत हंसराम के सानिध्य में करीब पांच घंटे कड़ी मशक्कत के बाद इसे बनाया गया। रविवार सुबह 10:30 बजे से आश्रम के पीछे बने मैदान में 22 लोगों ने मिलकर आटा गूंथना शुरू कर दिया था। दोपहर साढ़े 3 बजे तक ये रोटी सिककर तैयार हुई। इस रोटी को पकाने के लिए करीब 20 लीटर घी काम लिया गया।

हरी सेवा धाम मंदिर में बनाई जाने वाली इस रोटी का वजन करीब 185 किलोग्राम हैं। इसे बनाने के लिए राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के 12 ट्रेंड हलवाईयों को बुलाया गया। रोटी को सेकने के लिए लोहे का तवा भी एक हजार किलोग्राम वजन हैं। वहीं, 20 फीट लंबे लोहे के पाइप का बेलन तैयार किया गया। इसकी मोटाई लगभग 70 एमएम की थी।

गूंथने और बेलने में लगे 2 घंटे…

हलवाइयों ने सुबह सबसे पहले आटा गूंथना शुरू किया। आटे के साथ इसमें मैदा और घी भी मिलाया गया था। पहले आटे को छोटे-छोटे हिस्सों में गूंथा गया था। इसके बाद गूंथे आटे को सीधे तवे पर ही बेला गया था। इसके बाद संतों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ चूल्हे पर रोटी को सेंकने का प्रोसेस शुरू किया था। जिसके बाद करीब 4:30 घंटे के अंतराल में विश्व की सबसे बड़ी रोटी बनाकर तैयार की गई।

12x16 का चूल्हा तैयार किया था चूल्हा…

रोटी को बनाने के लिए एक हजार ईंटों की बेस से एक 12x16 का चूल्हा तैयार किया गया था। चूल्हे में सबसे नीचे की जगह को खाली रखा गया था। इसमें लोहे की जाली लगाई गई थी। लोहे की जाली पर घास और कोयला डाला गया था। इस पर लोहे के तवे को सेट किया गया था।

राजस्थानी जन मंच के अध्यक्ष कैलाश सोनी ने अपने जन्म दिवस के मौके विश्व की सबसे बड़ी रोटी बनाने की योजना बनाई। उन्होंने सनातन संस्कृति में केक नहीं काटकर पंचकुट्ट की सब्जी के साथ विश्व की सबसे बड़ी रोटी बनाने की योजना बनाई थी। विश्व की सबसे बड़ी रोटी को बनते देखने के लिए भीलवाड़ा शहरवासी सुबह से ही हरी सेवा धाम पहुंचने लग गए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले जामनगर (गुजरात) का गिनीज वल्ड रिकॉर्ड में करीब 145 किलोग्राम की रोटी बनाने रिकॉर्ड है।

(इनपुट-जयेश पारीक)

.