For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

क्या वसुंधरा राजे को मिलेगी बड़ी कमान? दिल्ली में कांग्रेस के बाद आज चल रहा BJP का महामंथन

राजस्थान विधानसभा चुनाव सहित अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी है।
11:53 AM Jul 07, 2023 IST | Anil Prajapat
क्या वसुंधरा राजे को मिलेगी बड़ी कमान  दिल्ली में कांग्रेस के बाद आज चल रहा bjp का महामंथन

BJP Maha Manthan : नई दिल्ली। राजस्थान विधानसभा चुनाव सहित अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी है। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के बाद अब बीजेपी का महामंथन चल रहा है। दिल्ली स्थित बीजेपी ऑफिस के विस्तारा भवन में सुबह 10 बजे से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेडी नड्डा की अध्यक्षता में बैठक चल रही है। ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि क्या राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को बड़ी कमान मिलेगी या फिर इस साल होने वाला विधानसभा चुनाव पीएम मोदी के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक सुबह 10 बजे से दिल्ली भाजपा मुख्यालय के विस्तारा भवन में बीजेपी की मीटिंग चल रही है। जिसमें बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महामंत्री बीएल संतोष नेताओं चर्चा कर रहे हैं। बैठक में लोकसभा और राजस्थान सहित अन्य चुनावी राज्यों को लेकर चर्चा चल रही है। बीजेपी नेताओं से पूछा जा रहा है कि चुनाव कैसे जीता जाएं और इसके लिए हम क्या कर सकते हैं। बैठक में प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, वसुंधरा राजे सहित उत्तर भारत राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद है।

क्या राजे को मिल सकती है बड़ी कमान?

वैसे तो केंद्रीय नेतृत्व अब तक यही कह रहा है कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव पीएम मोदी के चेहरे पर लड़ा जाएगा। लेकिन, कुछ दिनों से वसुधंरा राजे जिस तरह से राजनीति में सक्रिय हुई है। उससे यह तो साफ है कि राजे को जल्द ही बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। ऐसे में माना जा रहा है कि दिल्ली में चल रहे बीजेपी के महामंथन में राजे को बड़ा तोहफा मिल सकता है। हाल ही में जयपुर में गहलोत सरकार के खिलाफ हुए महिलाओं के विरोध-प्रदर्शन के दौरान सीपी जोशी ने भी कहा कि गहलोत सरकार सिंहासन छोड़ो, नारी शक्ति आ रही है। जोशी के इस बयान के बाद से कयास लगाए जा रहे है कि नारी शक्ति राजस्थान में कमान संभाल सकती है यानी राजे को फिर से सीएम चेहरा बनाए जाने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, यह तो आज होने वाली मीटिंग के बाद ही साफ हो पाएगा कि बीजेपी का महामंथन से क्या निकलता है?

दिल्ली में कल हुई थी कांग्रेस की बड़ी मीटिंग

इससे पहले दिल्ली में गुरुवार को कांग्रेस का महामंथन हुआ था। जिसमें तय किया गया था कि कांग्रेस राजस्थान विधानसभा का चुनाव मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में और उनकी तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं को आधार बना कर लड़ेगी। दो महीने पहले सितंबर तक प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। पार्टी के रुख से साफ लगा कि इस बार बड़ी संख्या में टिकट काटे जा सकते हैं। पार्टी जल्द ही जिताऊ प्रत्याशियों के चयन के लिए छानबीन समिति की घोषणा कर देगी। आलाकमान ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तरफ से पेपर लीक, भ्रष्टाचार आदि के मुद्दों पर उठाए कदमों से संतुष्टि जताई थी।

ये खबर भी पढ़ें:-महामंथन में निकले 2 फॉर्मूले! गहलोत के चेहरे पर ही रिपीट होगा ‘राज’, सितंबर में उम्मीदवारों का ऐलान

.