For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

प्यार के लिए पत्नी ने दी पति की कुर्बानी, अवैध प्रेम संबंधों के लिए आशिक संग मिलकर पति को मार डाला

04:41 PM Aug 13, 2023 IST | Sanjay Raiswal
प्यार के लिए पत्नी ने दी पति की कुर्बानी  अवैध प्रेम संबंधों के लिए आशिक संग मिलकर पति को मार डाला

चूरू। राजस्थान के चूरू में दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक महिला ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी। महिला ने अपने अवैध प्रेम संबंधों को बनाए रखने के लिए पति को शराब में जहर मिलाकर पिला दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सिफ 24 घंटों में इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पति की कातिल आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात का खुलासा होने के बाद मृतक के परिजन सन्न रह गए। यह खौफनाक प्रेम कहानी सरदारशहर थाना इलाके की है।

Advertisement

एएसपी राजेंद्र मीणा ने बताया कि हत्या की यह वारदात सरदारशहर थाना इलाके के करणसर गांव की है। यहां पूर्णाराम (30) की हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई राजासर पंवरान निवासी मुखराम नायक ने शुक्रवार को इस संबंध में मुकदमा दर्ज करवाया था। उसने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसके भाई पूर्णाराम की पत्नी सुलोचना देवी (26) ने लूणकरणसर निवासी दिलीप मेघवाल (35) के साथ आपराधिक षडयंत्र रचा। उसके बाद दोनों ने उसके भाई की जहर देकर हत्या कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एक साल से चल रहा था दोनों का प्रेम संबंध…

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद दिलीप मेघवाल और उसकी प्रेमिका सुलोचना नायक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच बीते एक साल से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों के अवैध संबंधों में पूर्णाराम रोड़ा बन रहा था। इसी बात को लेकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। दोनों ने प्लान के अनुसार 10 अगस्त को शराब में जहर मिलाकर पूर्णाराम को पिला दिया। इससे पूर्णाराम की मौत हो गई। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने हत्या की आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

.