For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर ऐसी लूट क्यों? राहुल गांधी के दौरे से पहले BJP ने लगाई सवालों की झड़ी

08:51 AM Aug 09, 2023 IST | Anil Prajapat
राजस्थान में पेट्रोल डीजल पर ऐसी लूट क्यों  राहुल गांधी के दौरे से पहले bjp ने लगाई सवालों की झड़ी

Rahul Gandhi Mangarh Tour : जयपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज राजस्थान के मानगढ़ धाम आ रहे हैं। राहुल गांधी आज दोपहर 2 बजे राजस्थान में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के अभियान का आगाज करेंगे। लोकसभा सदस्यता के बहाल होने के बाद राहुल गांधी की यह पहली सार्वजनिक सभा होगी। लेकिन, उनके राजस्थान दौरे से पहले सियासत शुरू हो गई है। राहुल गांधी के मानगढ़ धाम पहुंचने से पहले बीजेपी ने सवालों की झड़ी लगा दी है।

Advertisement

बीजेपी ने एक के बाद एक लगातार 10 सवाल पूछकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए है। साथ ही बीजेपी ने राहुल गांधी से किसानों की कर्ज माफी को लेकर साल 2018 के चुनाव में किए गए वादों को लेकर सवाल पूछा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि राहुल गांधी प्रदेश में आ रहे हैं, लेकिन वे हमारे इन सवालों के जबाव प्रदेश की जनता को जरूर दें।

सीपी जोशी ने पूछे ये सवाल

सीपी जोशी ने प्रदेश में सुशासन मॉडल को लेकर सवाल किया है। जिसमें पूछा है कि इतनी आपराधिक घटनाएं कैसे बढ़ रही हैं।

मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा के महिला अत्याचार के बयान पर सजा और मंत्री शांति धारीवाल के बयान पर शाबाशी। क्या शांति धारीवाल से राहुल गांधी सहमत हैं और अगर नहीं तो ऐसे मंत्री सरकार में क्यों हैं ?

कांग्रेस की सरकार कोटा में पीएफआई जैसे संगठन को रैली निकालने की अनुमति देती है और हनुमान जयंती, हिंदू नववर्ष, परशुराम जयंती, रामनवमी की शोभा यात्राओं पर प्रतिबंध लगाती है। जयपुर, करौली, जोधपुर, मालपुरा, छबड़ा, भीलवाड़ा में सांप्रदायिक हिंसा होती है। कांग्रेस की सरकार एक समुदाय विशेष के दंगाइयों के पीछे खड़ी होती है।

उदयपुर में कन्हैया लाल तैली जी की नृशंस हत्या होती है, सरकार उन्हें मांगने पर भी सुरक्षा नहीं देती। जयपुर बम ब्लास्ट जिसमें 71 लोगों की जान गई 200 से ज्यादा घायल हो गए, उसके अभियुक्त आतंकियों के खिलाफ पैरवी करने के लिए राज्य सरकार का एएजी हाईकोर्ट में गया ही नहीं और वो बरी हो गए। कांग्रेस की राज्य सरकार के इन कारनामों पर राहुल गांधी का क्या जवाब है?

किसानों की कर्ज माफी का क्या हुआ?

सीपी जोशी ने किसानों की दस दिन में सम्पूर्ण कर्ज माफी को लेकर भी सवाल किया। उनहोंने पूछा कि साल 2018 के चुनाव में वादा किया था कि सरकार में आए तो 10 दिन में प्रदेश के संपूर्ण किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करेंगे, 55 महीने निकल गए किसानों पर कुल कर्ज का 5 प्रतिशत भी माफ नहीं किया, उल्टा कर्ज नहीं चुकाने की वजह से 19 हजार 422 किसानों की जमीन नीलाम की घोषणा की। कर्ज के जंजाल में कई किसान भाइयों ने आत्महत्या की। राहुल गांधी बताए इसका जिम्मेदार कौन है?

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बेरोजगारों को रोजगार भत्ता और नौकरी नहीं देने पर भी सवाल पूछा। उन्होंने पूछा कि विधानसभा चुनावों में राजस्थान के 27 लाख बेरोजगार युवाओं से वादा किया था की सरकार में आते ही हर बेरोजगार को 3500 रुपये मासिक भत्ता देंगे, कांग्रेस राज में अब बेरोजगारों की संख्या 55 लाख को पार कर गई, 1 लाख युवाओं को भी 55 महीने में ये भत्ता नहीं दे सके, राहुल गांधी बताए की उन्होंने राजस्थान के युवाओं को बेरोजगारी भत्ते के नाम पर क्यों ठगा?

पेपर लीक माफिया कब पकड़े जाएंगे?

कांग्रेस सरकार के 55 महीनों में 19 परीक्षाओं के पेपर लीक हो गए। पेपर लीक करने वाले माफियाओं के तार कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। पेपर लीक कर राजस्थान के 60 लाख से ज्यादा युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले अपराधी अभी भी खुले घूम रहे हैं। उन्हें कोर्ट में गिरफ्तारी से बचाने के लिए कांग्रेस के नेता और राहुल के करीबी सलमान खुर्शीद वकील बनकर आते हैं। एनसीआरबी के अनुसार बेरोजगारी के कारण आत्महत्या करने वालों में राजस्थान देश में नंबर एक पर है। राजस्थान के युवाओं के साथ कांग्रेस ने ऐसा कुठाराघात क्यों किया, इसका जवाब राहुल गांधी दे?

भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार में जमकर भ्रष्टाचार हो रहे हैं। ट्रांसप्रेंसी इंटरनेशनल की रिपोर्ट कहती है कि राजस्थान भ्रष्टाचार के मामले में पिछले 4 वर्षों से नंबर एक पर है।

देश में सबसे महंगा पेट्रोल डीजल राजस्थान में क्यों है? बांसवाड़ा में जहां राहुल गांधी भाषण देंगे वहां पेट्रोल 110 रुपए प्रति लीटर है और उसके पड़ोस में गुजरात में 96.90 पैसे है। ऐसा क्यों?

बिजली इतनी महंगी क्यों?

कांग्रेस ने कहा कि पूरे 5 साल बिजली की कीमत नहीं बढ़ाएंगे, 9 बार कीमत बढ़ा दी। 2018 में जो बिजली राजस्थान में 5.55 रुपए प्रति यूनिट थी वो आज बढ़कर 11 रुपए 90 पैसे प्रति यूनिट हो गई। देश में सबसे महंगी बिजली क्यों।

राजस्थान में कांग्रेस राज में आदिवासियों पर अत्याचार चरम पर है, लचर कानून व्यवस्था के चलते हमारे आस्था के धाम मानगढ़ के संग्रहालय में भी पिछले दिनों तोड़फोड़ हो गई।

ये खबर भी पढ़ें:-राहुल के लिए हर दर्द मंजूर! मानगढ़ में कांग्रेस की हुंकार…40 दिन बाद जयपुर से बाहर जाएंगे CM गहलोत

.