For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

महिला ने जिस सांप को बेटे का पुर्नजन्म मानकर कंधे पर बैठाकर पूरे गांव में घूमाया…उसकी हुई मौत

02:09 PM Oct 19, 2023 IST | Sanjay Raiswal
महिला ने जिस सांप को बेटे का पुर्नजन्म मानकर कंधे पर बैठाकर पूरे गांव में घूमाया…उसकी हुई मौत

कोटा। राजस्थान में कोटा में मंगलवार को एक बुजुर्ग महिला सांप के साथ दिखाई दी। महिला का सांप को कंधे पर लेकर पूरे गांव में घूमने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। महिला का कहना है कि वह सांप उसके बेटे का पुनर्जन्म है। हैरानी की बात यह कि सांप ने उस महिला को बिल्कुल भी नुकसान नहीं पहुंचाया।

Advertisement

महिला पूरे गांव में जब सांप को कंधे पर लेकर घूम रही थी उस समय वह चुपचाप बैठा रहा। लेकिन, बुधवार को इस पूरे मामले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम में सांप की मौत हो गई। सांप की मौत की खबर सुनकर ग्रामीण जमा हुए और उसका अंतिम संस्कार किया। सांप की यह घटना इलाके में चर्चाओं में बनी है।

यह खबर भी पढ़ें :- ‘मेरे बेटे का हुआ पुर्नजन्म…’ महिला ने सांप को कंधे पर बैठाकर पूरे गांव में घूमी, मारने आए लोगों के जोड़े हाथ

यह अनोखा मामला कोटा जिले के सांगोद कस्बे का है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने एक घर में सांप को घुसते हुए देखा तो उसे मारने पहुंचे। इसी दौरान बादाई बाई वहां आ गईं और उन्होंने सांप को मारने से मना कर दिया। महिला ने वहां मौजूद सांप के हाथ जोड़े और कहा कि यदि वह देवता है तो रुक जाए, नहीं तो घर से बाहर चला जाए। जब सांप अपनी जगह से नहीं हिला तो महिला उसके पास जाकर हाथ जोड़कर बैठ गई और उसे अपने बेटे का पुनर्जन्म बताया। इसके बाद सांप महिला की गोद में आकर बैठ गया। फिर थोड़ी देर बाद पत्थरों के पीछे चला गया।

18 साल पहले हुई थी महिला के बेटे की मौत…

महिला के एक बेटे राजू लाल बैरवा ने बताया कि 18 साल पहले उसके बड़े भाई हंसराज की परवन नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। ऐसे में इस चमत्कार के बाद कहीं ना कहीं परिजनों में यह विश्वास हुआ कि सांप के रूप में हंसराज का पुनर्जन्म हुआ है। इसके बाद यह दृश्य देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई। वहीं महिला ने सांप को चबूतरे पर कपड़ा बिछाकर छोड़ दिया। इसके साथ ही महिला और परिजनों ने सांप के ऊपर सफेद निशान बना दिए ताकि लोग उसे मारें नहीं।

यह खबर भी पढ़ें :-IPHONE खरीदने की ऐसी दीवानगी…भिखारी सिक्कों से भरा झोला लेकर दुकान पर पहुंचा, जानें-यूजर्स क्या बोले?

ग्रामीणों ने सांप का किया अंतिम संस्कार...

लेकिन बुधवार को उस सांप की मौत हो गई। सांप की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने सांप का अंतिम संस्कार कर दिया। वृद्ध महिला अभी भी सांप को अपने बेटे का पुर्नजन्म ही मान रही है। ग्रामीणों और महिला के परिजनों ने भी इस घटना को सही मान लिया है। कुछ लोगों का कहना है कि सांप को रेंगने में काफी परेशानी हो रही थी। साथ ही उसके चेहरे पर भी चोट के निशान थे। इसी की वजह से सांप की मौत मानी जा रही है। वहीं सांप की मौत के बाद बुजुर्ग महिला का भी कहना है कि उसे दूध पीने में भी काफी परेशानी हो रही थी।

.