For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

जयपुर में फिर बच्चा चोरी की वारदात, हॉस्पिटल से 2 महिलाएं लेकर हुई फरार, पुलिस ने ऐसे ढूंढा...

02:06 PM Jul 28, 2023 IST | Sanjay Raiswal
जयपुर में फिर बच्चा चोरी की वारदात  हॉस्पिटल से 2 महिलाएं लेकर हुई फरार  पुलिस ने ऐसे ढूंढा

जयपुर। राजधानी जयपुर में एक बार फिर सरकारी हॉस्पिटल से नवजात बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। दो महिलाओं ने दो दिन का मासूम बच्चे चुरा लिया। पूरी घटना हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई। जैसे ही इसकी खबर हॉस्पिटल प्रशासन को मिली तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने 4 घंटे में ही चोरी हुए बच्चे को ढूंढकर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया था। इससे पहले पुलिस की नाकाबंदी देख आरोपी महिलाएं मासूम को एसयूवी में छोड़ कर चली गई थी। यह घटना जयपुर के बस्सी स्थित उप जिला अस्पताल में गुरुवार 27 जुलाई रात करीब 8 बजे की है।

Advertisement

डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने बताया कि 26 जुलाई को दौसा जिले के गांगलियावास निवासी भजन लाल बैरवा की पत्नी कलावती ने लड़के को जन्म दिया था। डिलीवरी के चलते महिला हॉस्पिटल में ही भर्ती थी।

दादी को चकमा देकर हुई फरार...

रात करीब 8 बजे दो महिलाएं हॉस्पिटल में आई और बच्चे के पास बैठी दादी से कहा कि वह इसी हॉस्पिलट में नर्स है। बच्चे को पोलियो का टीका लगाना है और उसे लेने आई है। इसके बाद इनमें से एक महिला ने बच्चे को गोदी में उठाया और वार्ड के बाहर लेकर चली गई। इस दौरान नवजात की दादी भी साथ में थी। लेकिन, दोनों महिलाएं दादी को चकमा देकर नवजात बचचे को लेकर फरार हो गई।

चोरी की घटना सीसीटीवी में हुई कैद

काफी देर तक दोनों महिलाएं नहीं दिखी तो दादी ने शोर मचाना शुरू किया। इस पर स्टाफ आया तो पता चला दो महिलाएं बच्चा लेकर फरार हो गई। इस पर जब सीसीटीवी खंगाला तो दोनों महिलाएं बच्चे को लेकर जाती हुई नजर आई। इसके बाद हॉस्पिटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई। पुलिस को बताए हुलिया और गाड़ी के आधार पर कार्रवाई करते हुए कानोता के पास रिंग रोड दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। दोनों महिलाएं कार में बच्चे को लेकर जा रही थी। पुलिस टीम ने उनका पीछा कर देर रात करीब 12 बजे दोनों को बच्चे के साथ हॉस्पिटल लेकर पहुंची।

एक साल पहले भी हुई थी ऐसी वारदात…

गौरतलब है कि एक साल पहले जयपुर के सबसे बड़े एसएमएस हॉस्पिटल में बच्चा चोरी की घटना सामने आई थी। एक युवक मदद के बहाने हॉस्पिटल में आया और पिता को चकमा देकर बच्चे को लेकर फरार हो गया। करीब 5 दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

.