For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

ऐसे लोगों से हो जाइए सावधान! गहने चमकाने का झांसा देकर सोना चांदी चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

05:31 PM Mar 18, 2023 IST | Sanjay Raiswal
ऐसे लोगों से हो जाइए सावधान  गहने चमकाने का झांसा देकर सोना चांदी चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

अजमेर। सोने-चांदी के गहने चमकाने वालों से आप भी सावधान रहें। यह शातिर गहने चमकाने के बहाने सोना चांदी गलाकर चुरा लेते हैं और फरार हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला अजमेर के गंज थाना क्षेत्र स्थित बोराज के गोटा कॉलोनी में सामने आया है, जहां लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Advertisement

अजमेर के गंज थाना क्षेत्र के बोराज निवासी महेन्द्र सिंह ने बताया कि शनिवार को तीन युवक क्षेत्र में गहने चमकाने के लिए घूम रहे थे। जैसे ही लोगों को उनके द्वारा सोना चांदी गलाने की जानकारी मिली तो दो युवकों को पकड़ लिया। वहीं एक युवक मौके से फरार हो गया। लोगों ने आरोपियों को पकड़कर गंज थाना पुलिस को सूचना दी।

जिस पर थाने की टीम पहुंची और आरोपियों को अपने साथ लेकर रवाना हुई। महेन्द्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश महिलाओं को गहने चमकाने का झांसा देते हैं। इसके बाद लिक्विड़ में सोने चांदी के जेवरात को डालकर उसमें से कुछ हिस्सा गला लेते हैं। जेवर तो चमक जाता है, लेकिन उसका वजन कम हो जाता है।

पकड़े गए आरोपी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गंज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है साथ ही तीसरे साथी की भी तलाश की जा रही है।

(इनपुट-नवीन वैष्णव)

.