For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

टोंक में दो समुदायों के बीच बवाल, पथराव के साथ चले लाठी-डंडे, 2 पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल

08:01 PM Apr 23, 2023 IST | Sanjay Raiswal
टोंक में दो समुदायों के बीच बवाल  पथराव के साथ चले लाठी डंडे  2 पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल

टोंक। राजस्थान के टोंक जिले में रविवार शाम को बवाल हो गया। दो समुदायों के लोगों में किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मामला बढ़ता देख दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर चार थाना क्षेत्रों की पुलिस पहुंची। उन्होंने लाठीचार्ज कर हालात काबू में करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों तरफ से हुए पथराव में दो पुलिस कांस्टेबल और चार अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। वहीं, इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, यह विवाद क्यों हुआ और कैसे हुआ इस बारे में पुलिस अभी अनजान बनी हुई है। यह घटना टोंक जिले के मालपुरा कस्बे की पुरानी तहसील के पास रविवार शाम को हुई।

Advertisement

विवाद के कारण की तलाश…

वारदात में छह लोगों के अलावा भी कुछ लोग चोटिल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल भेजा गया है। तनावपूर्ण हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर मौके पर तैनात किया गया है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के झड़प और विवाद के कारण तलाशे जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले की तफ्तीश कर माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

घटना का वीडियो हो रहा वायरल…

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो समुदायों के बीच पहले मामूली सी बात को लेकर बहस हुई और उसके बाद पथराव शुरू हो गया। गली की सड़क पर पत्थरों का ढेर लगा है। वहीं, दोनों तरफ से लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए तेज आवाज में चिल्ला रहे हैं। जबकि पुलिस मामले को शांत कराते नजर आ रही है।

.