For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

जालोर में बदमाशों ने होटल में की तोड़फोड़, लाठी और सरियों से कर्मचारियों पर किया हमला

03:07 PM Apr 02, 2023 IST | Sanjay Raiswal
जालोर में बदमाशों ने होटल में की तोड़फोड़  लाठी और सरियों से कर्मचारियों पर किया हमला

जालोर। राजस्थान के जालोर में बीती रात बदमाशों ने एक होटल में जमकर उत्पात मचाया। करीब 7 से 8 बदमाशों ने एक होटल में की जमकर तोड़फोड़ की। बदमाशों ने होटल के कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने होटल मालिक की जेब से 30 हजार रुपए निकाल लिए। बदमाशों ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ने की कोशिश की। बदमाशों द्वारा होटल में तोड़फोड़ और कर्मचारियों पर हमले की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह घटना जालोर जिले के सांचौर की है।

Advertisement

बदमाशों ने रात 12 बजे की तोड़फोड़

थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात 12 बजे की है। आमली निवासी सुरेश पुत्र वरधा राम पुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुरेश ने शिकायत में बताया कि उसकी नवदुर्गा नाम से थराद रोड पर होटल है। शनिवार सुबह आरोपी पोपट और पारस उसके होटल में आए और होटल मालिक से बकाया 5 हजार रुपए मांगे। इस पर सुरेश ने कहा कि उसका कोई पैसा बकाया नहीं है। उसे जानकारी नहीं है कि किस बात के पैसे मांगे जा रहे है। इसके बाद आरोपियों ने सुरेश को धमकी देकर वहां से चले गए।

धमकी देने के बाद रात में वापस आए बदमाश…

होटल के मालिक सुरेश ने बताया कि रात करीब 12 बजे वापस पोपट और पारस अपने साथियों को लेकर आया। इसके बाद करीब 7 से 8 लोग उसके होटल में घुसे और बकाया पैसे मांगते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपी अपने साथ लाठी और सरिए लेकर आए थे। आरोपियों को आता देख सुरेश और होटल के कर्मचारियों ने बचाव के लिए शटर गिराने की कोशिश की। उसने होटल का एक शटर तो बंद कर दिया, लेकिन दूसरा बंद नहीं कर पाया। दूसरे शटर खुला होने से आरोपी होटल में घुस गए और तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया।

बदमाशों के तोड़फोड़ करने पर होटल के मालिक सुरेश ने शोर मचाया। होटल में आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान बदमाशों ने होटल के मालिक सुरेश की जेब में रखे 30 हजार रुपए निकालकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को डिटेन किया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

.