For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड में बिछी बर्फ की चादर, मैदानी इलाकों में आज भी बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

कश्मीर घाटी, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण रविवार को जनजीवन प्रभावित हुआ। इन राज्यों में बर्फबारी से पहाड़ों ने खुद को बर्फ की सफेद चादर से ढक लिया है।
08:59 AM Feb 05, 2024 IST | Anil Prajapat
कश्मीर  हिमाचल व उत्तराखंड में बिछी बर्फ की चादर  मैदानी इलाकों में आज भी बारिश ओलावृष्टि का अलर्ट
Snowfall in Jammu and Kashmir

जम्मू/ देहरादून। कश्मीर घाटी, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण रविवार को जनजीवन प्रभावित हुआ। इन राज्यों में बर्फबारी से पहाड़ों ने खुद को बर्फ की सफेद चादर से ढक लिया है। जम्मू कश्मीर में श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। हिमाचल प्रदेश में देश में ताजा हिमपात के कारण 475 सड़कें बंद हैं और इन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। हिमपात से इन राज्यों में जनजीवन बाधित हुआ है। कई जगह बर्फ हटाने का काम जारी है। हिमाचल प्रदेश में रोहतांग में तीन फीट, नारकंडा, कुफरी, रोहडू, चौपाल व मनाली में आधा फीट से अधिक हिमपात हुआ है।

Advertisement

उत्तराखंड में चारधाम के साथ ही रुद्रप्रयाग में कालिशिला, चोपता तुंगनाथ, मदमहेश्वर घाटी के साथ ही चमोली जिले में हेमकुंड साहिब औली समेत हिमालय की चोटियों पर भी लगातार जोरदार बर्फबारी हो रही है। दूसरी ओर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, एनसीआर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में रविवार की सुबह से मौसम बिगड़ा हुआ है।

कश्मीर में हिमस्खलन की चेतावनी

कश्मीर के पर्वतीय इलाकों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी दी गई है और स्थानीय निवासियों से अगले 24 घंटों के लिए अनावश्यक आवाजाही से बचने का आग्रह किया है। दक्षिण कश्मीर का काजीगुंड शहर शनिवार को सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कोके रनाग में 3.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग स्कीइंग रिजॉर्ट में पारा पिछले 72 घंटों से हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक एक साथ तीन विक्षोभ की सक्रियता के चलते पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी अभी मंगलवार तक जारी रह सकती है।

कई उत्तरी राज्यों में बारिश से बिगड़ा मौसम

मौसम विभाग ने रविवार के लिए उत्तर भारत के सभी राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर का कुछ हिस्सा, चंडीगढ़, दिल्ली, एनसीआर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत राजस्थान में रविवार की सुबह से मौसम बिगड़ा हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक रविवार और सोमवार को पहाड़ी इलाकों पर बर्फबारी जारी रहेगी। जबकि मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होगी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सोमवार रात तक उत्तर भारत के इलाकों में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा नजर आएगा।

.