For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

इस बार 2 दिन भाइयों की कलाई पर राखी बांध पाएंगी बहने...महिलाएं आज कर सकेंगी फ्री यात्रा

07:38 AM Aug 30, 2023 IST | Sanjay Raiswal
इस बार 2 दिन भाइयों की कलाई पर राखी बांध पाएंगी बहने   महिलाएं आज कर सकेंगी फ्री यात्रा

जयपुर। भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व इस बार बुधवार और गुरुवार को दो दिन मनाया जाएगा। बुधवार को रात 9:01 बजे तक भद्रा का वास पृथ्वी लोक पर रहने से रात 9:02 बजे के बाद बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांध सकेंगी। दूसरे दिन गुरुवार को उदियात तिथि पूर्णिमा होने से रक्षाबंधन का पर्व पूरे दिन मनाया जा सकेगा। पीपलेश्वर महादेव मंदिर के महंत और ज्योतिषी पं. केदारनाथ दाधीच ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार रक्षाबंधन का त्योहार श्रावण माह की अपराह्र (दोपहर) व्यापनी भद्रा रहित पूर्णिमा तिथि में मनाने का विधान है।

Advertisement

इस बार बुधवार को पूर्णिमा तिथि सुबह 10:58 बजे से शुरू होगी जो कि 31 अगस्त को सुबह 7:05 बजे तक रहेगी। बुधवार को पूर्णिमा तिथि शुरू होने के साथ ही भद्रा भी लग जाएगी जो रात 9:01 बजे तक रहेगी। ऐसे में भद्रा के बाद रक्षा बंधन पर्व मनाया जा सकेगा। वहीं, गुरुवार को पूर्णिमा सुबह 7:05 बजे तक रहेगी जो कि उदियात तिथि होने से पूरे दिन मानी जाएगी। ऐसे में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व पूरे दिन मनाया जा सकेगा।

सुबह 7:05 बजे तक कर सकते हैं श्रवण पूजा…

ज्योतिषियों के अनुसार रक्षाबंधन पर्व में भाई को राखी बांधने से पहले की जाने वाली श्रवण पूजा (सोण जिमाना) बुधवार को सुबह 10:58 बजे से पहले या गुरुवार को सुबह 7:05 बजे तक की जा सके गी। गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व मनाने वालों के लिए श्रवण पूजा सुबह के समय करना श्रेष्ठ रहेगा। ज्योतिषी पं. गोपाल मोहन शांडिल्य के अनुसार गुरुवार को पूर्णिमा सुबह 7:05 बजे तक रहेगी। इससे पूर्व ही श्रवण पूजा की जानी चाहिए। धर्म ग्रंथों के अनुसार रावण की बहन शूर्पणखा ने रावण को भद्रा काल में राखी बांधी थी। इससे उसका पूरे वंश सहित विनाश हो गया था। इसलिए इस पर्व में भद्रा को टालना जरूरी बताया है।

आज महिलाओं के लिए फ्री यात्रा….

वहीं रक्षाबंधन पर्व के मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिलाओं को राजस्थान रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कराने की घोषणा की है। सीएम गहलोत ने महिलाओं और बालिकाओं को रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में मिलने वाली निशुल्क यात्रा के आदेश जारी किए। जोधपुर निगम के कार्यकारी निदेशक (यातायात) संजीव कुमार पांडेय ने बताया कि रक्षाबंधन पर महिलाएं और बालिकाएं बुधवार रात 11:59 बजे तक रोडवेज की साधारण एवं एक्सप्रेस बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। यह छूट राज्य की सीमा तक ही मिलेगी।

इससे पहले मंगलवार को भी लोग घर जाने के लिए दिनभर यात्री बस और टेनों में सीट ढूंढते नजर आए। सिधीं कैंप, नारायण सिंह सर्कल पर यात्री भार अधिक होने से बसों में भारी भीड रही। लोग छतों पर भी यात्रा करते नजर आए। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं जयपुर जंक्शन पर भी अधिकतर टेनें खचाखच नजर आई।

बाजारों में रौनक, बहनों ने भाई के लिए खरीदे रक्षा सूत्र…

इससे पहले रक्षाबंधन से पूर्व मंगलवार को शहर के प्रमुख बाजारों में राखी की दकानों पर भारी भीड़ रही। परकोटे के चांदपोल, छोटा चौपड़, त्रिपोलिया, बड़ी चौपड के अलावा वैशाली नगर, सांगानेर, झोटवाड़ा सहित अन्य इलाकों में बहनें अपने भाई के लिए राखी खरीदती नजर आईं। इसके अलावा बाजारों में मंगलवार से ही मिठाई और गिफ्ट की दकानें सजी नजर आई।

.