For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

बसपा के 6-6 हाथी लील गए..गजब का हाजमा है...आखिर जादूगर है…पूनिया ने CM गहलोत पर साधा निशाना

04:16 PM Mar 16, 2023 IST | Jyoti sharma
बसपा के 6 6 हाथी लील गए  गजब का हाजमा है   आखिर जादूगर है…पूनिया ने cm गहलोत पर साधा निशाना

भरतपुर में सतीश पूनिया ने कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भाजपा के कई पदाधिकारी और उनके समर्थक शामिल हैं। आलम यह था कि इस जबरदस्त प्रदर्शन के चलते पुलिस को कलेक्ट्रेट के दरवाजे पर बैरिकेडिंग करनी पड़ी,लेकिन पूनिया समेत कई प्रदर्शनकारी इस बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे।पूनिया यहां जनाक्रोश यात्रा के लिए आए हुए हैं।

Advertisement

इस प्रदर्शन से पहले पूनिया ने एक जनसभा को संबोधित किया जिसमें उन्होंने सभी से कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपकी आवाज में दम इतना होना चाहिए कि महाराजा सूरजमल ने जिस तरह मुगलों के दरवाजे उखाड़ कर दिल्ली पर फतेह कर ली थी आप लोग भी कांग्रेस के किले को फतह करो। आप लोगों को क्या उखाड़ना है, कांग्रेस पार्टी को राजस्थान से परमानेंट उखाड़ना है। ये प्रदर्शन तब तक जारी रहेंगे जब तक सोनिया राहुल को वापस उनतके ननिहाल नहीं भेज देते। उखाड़ने की शुरुआत कोई करेंगे तो भरतपुर वाले करेंगे। इसके बाद पूनिया ने महाराज सूरजमल अमर रहे के नारे लगाए।

कांग्रेस को परमानेंट लीक करना है

उन्होंने कहा कि मेरा यहां से पुराना नाता है। छात्र जीवन की शुरुआत 1983 में की थी। भारतीय युवा मोर्चा का अध्यक्ष था, हमारे सामने चुनाव हारने के बाद बड़ी चुनौती थी। मैंने इसके बाद अजमेर में पदैल यात्रा की थी, तब से काफी ऊर्जा मिली, 1999 में 15 सीटें जीती., 2003 में सरकार बनाई, राजस्थान में 4 साल से अराजकता है, दलित, पिछड़े, महिलाए, युवा, बेरोजगार, किसान परेशान हैं। साढे़ 4 साल में राजस्थान के साथ कांग्रेस ने धोखा किया, वादाखिलाफी की। कांग्रेस ने कहा था कि किसानों का कर्जा माफ कर देंगे। 1500 दिन के बाद 200 किसानों ने आत्महत्या कर ली। मैंने कहा सदन में सरकार वीक है तो पेपर लीक होता है, इस बार कांग्रेस को परमानेंट लीक कर देंगे।

पेपर लीक की सरगना है कांग्रेस

मैं यहां नौजवानों का न्याय मांगने आया हूं।इस पेपर लीक का पापी, दोषी, सरगना है, तो वो संस्था है, जिसकी संरक्षक सोनिया गांधी है। उन्होंने पीछे के दरवाजे से अपने लोगों को नौकरी दिलवाई। क्या आप नौजवानों की आत्महत्या का बदला नहीं लोगे। भरतपुर को तो अब अपराधियों ने लाल कर दिया है । 17 बलात्कार और 7 हत्याएं इस कांग्रेस पार्टी की चरित्र हैं। राहुल गांधी आटे को लीटर में बेचते हैं,लेकिन राजस्थान में भ्रष्टाचार किमी में होता है, हर 12 किमी पर कोई न कोई अधिकारी पकड़ा जाता है, क्या आप ऐसी भ्रष्ट सरकार से दो-दो हाथ नहीं करेंगे, क्या सबक नहीं सिखाएंगे, आज के दिन ही खांडवा में महाराणा सांगा ने बाबर को धूल चटाने का काम किया था, इस महान प्रतिमा के संकल्प करें कि जिन बेरोजगारों के सपने और सगाई ही टूट गई उन्हें सबक सिखाएंगे।

बसपा के 6-6 हाथी लील गए, लेकिन जनता की BSP कांग्रेस को लील जाएगी

पूनिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि बसपा के 6-6 लोगों को मैंने कांग्रेस का नाश्ता बनते देखा है। मैंने कांग्रेस को चारा खाते देखा, तेल, कोयला, तार, रुपए खाते देखा, लेकिन हाथी खाते नहीं देखा…6-6 हाथी लील गए अशोक गहलोत, क्या जबरदस्त हाजमा है, जादूगर है। राजस्थान की जनता इस जादू को समझ गई, वो BSP के 6 हाथी लील गए, लेकिन इस BSP यानी बिजली, सड़क, पानी ही कांग्रेस को लीलने का काम करेगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कहते हैं कि मोदी को खत्म करो नहीं तो हम खत्म हो जाएंगे, इससे कांग्रेस को चरित्र को पता चलता है लेकिन न तो मोदी खत्म होगा न देश लेकिन देश के नक्शे से कांग्रेस पार्टी खत्म हो जाएगी।

आंखे खोलकर देख लें डोटासरा…कितना समर्थन

पूनिया ने कहा कि राजस्थान में आज हर रोज 7 हत्याएं हो रही हैं। बिजली का संकट है, इस सिंहद्वार से जो सिंह गर्जना की है आपने उससे कांग्रेस के खात्मे की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कांग्रेस के खिलाफ ये वातावरण जनाक्रोश यात्रा से पैदा हुआ है, आज जो डोटासरा ने बयान दिया, कि इनकी जनाक्रोश को कोई समर्थन नहीं मिला, तो वे देख लें कि अपनी आंखों को खोलकर, कि कांग्रेस की छाती पर भरतपुर की जनता जनाक्रोश यात्रा को समर्थन देने के लिए खड़ी है।

‘मारो धपको जोरन से, पीछा छुड़ाओ चोरन ते’

ये मेरी लडा़ई नही, महिलाओं, युवा, बच्चों, दलित, पिछड़ों, किसानों की लड़ाई है, संकल्प लें कि आप भाजपा को फिर से सत्ता में लाएगी उन्होंने ब्रज भाषा में नारा लगाया ‘मारो धपको जोरन से , पीछा छुड़ाओ चोरन ते’। पूनिया ने कहा कि आपको समर्थन देने के लिए मारवाड़ तक के लोग आए हैं। भ्रष्ट, नाकारा, निकम्मी, अकर्मण्य सरकार के खिलाफ आपको अपनी आवाज बुलंद अब करनी है।

.