For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

ओम बिरला से ज्यादा पत्नी अमीर, उम्मेदाराम पर करोड़ों का कर्जा…जानें BJP-कांग्रेस के ये नेताओं के पास कितनी है संपत्ति

03:06 PM Apr 04, 2024 IST | Sanjay Raiswal
ओम बिरला से ज्यादा पत्नी अमीर  उम्मेदाराम पर करोड़ों का कर्जा…जानें bjp कांग्रेस के ये नेताओं के पास कितनी है संपत्ति

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनावों की तारीख घोषित होने के साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई हैं। राजस्थान में दो चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। 19 अप्रैल को पहले चरण और 27 अप्रैल को दूसरा चरण के मतदान होंगे। राजस्थान में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 4 अप्रैल है।

Advertisement

राजस्थान में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर बुधवार को सातवें दिन भाजपा-कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने नामांकन दाखिल किया है। इसमें भीलवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी सीपी जोशी, कोटा से भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला, झालावाड़-बारां से कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला जैन भाया, बाड़मेर से कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेदाराम बेनीवाल और पाली से भाजपा प्रत्याशी पीपी चौधरी ने नामांकन दाखिल किया।

इन सभी चारों प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल करते समय अपनी संपति और अन्य मामलों को लेकर शपथ पत्र भी दिया। इसे लेकर रोचक जानकारी सामने आई। भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला की पत्नी प्रॉपर्टी के मामले में उनसे अमीर हैं। वहीं कांग्रेस में पूर्व मंत्री रहे प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जैन भाया के पास 41 करोड़ हैं। जबकि खुद भाया के पास करीब 13 करोड़ रुपए हैं। वहीं, पाली से फिर से कैंडिडेट बनाए गए पीपी चौधरी के पास न जमीन है न सोना। बाड़मेर से कांग्रेस कैंडिडेट उम्मेदाराम पर तो 6 करोड़ का कर्ज है।

सीपी जोशी की कुल संपत्ति 3.60 करोड़

कांग्रेस के भीलवाड़ा से लोकसभा प्रत्याशी सीपी जोशी ने भी बुधवार को शपथ पत्र पेश किया। लोकसभा प्रत्याशी सीपी जोशी से ज्यादा उनकी पत्नी हेमलता जोशी अमीर हैं। सीपी जोशी ने अपने दिए गए शपथ पत्र में बताया कि उनकी कुल संपत्ति 3.60 करोड़ है। जबकि उनकी पत्नी हेमलता जोशी के पास 4.37 करोड़ हैं। जोशी के पास सोना-चांदी नहीं है। वहीं, सीपी जोशी के पास 40 हजार कैश और उनकी पत्नी के पास 2.77 करोड़ कैश बताए गए हैं।

ओम बिरला से ज्यादा पत्नी अमीर

कोटा से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी ओम बिरला से ज्यादा उनकी पत्नी अमिता बिरला अमीर हैं। बिरला के पास करीब 2 करोड़ की प्रॉपर्टी है ज​बकि उनकी अमिता बिरला 3 करोड़ से ज्यादा प्रॉपर्टी की मालकिन हैं। उनकी पत्नी के पास 94.19 कैरेट की डायमंड रिंग भी हैं। ओम बिरला 10 साल पुरानी कार के मालिक हैं। वहीं उनकी पत्नी के पास 2012 मॉडल की एक कार है। लेकिन, कैश के मामले में दोनों बराबर हैं दोनों के पास 70 हजार रुपए ही कैश हैं।

कांग्रेस के पूर्व मंत्री से ज्यादा उनकी पत्नी अमीर

झालावाड़-बारां से कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला जैन भाया अपने पति से प्रमोद जैन भाया से अमीर हैं। उनके शपथ पत्र में उनके पास 41.21 करोड़ की संपत्ति बताई है, जबकि पति प्रमोद जैन भाया की संपत्ति 13.33 करोड़ है। उर्मिला पर 11.45 करोड़ का कर्जा भी है। चल संपत्ति उर्मिला के 2.71 करोड़ और पति भाया के पास 4.03 करोड़ बताई गई है। इसके अलावा खुद के पास 77 लाख का 110 तोला सोना और भाया के पास 7.20 लाख की 9 किलो चांदी भी है। उर्मिला के पास 2 स्कॉर्पियो और 1 बाइक है। कैश खुद के पास 5.85 लाख और भाया के पास 8.48 लाख बताई गई है। उर्मिला ने शपथ पत्र में खुद के नाम 11 बैंक खातों और 7 एफडी अकाउंट में 1.96 करोड़ जमा बताएं हैं। इसके साथ ही बीओबी, देना बैंक और अन्य के 1.41 लाख के शेयर्स हैं। उन्होंने लोन भी दिया है।

जिसे 9.54 करोड़ बताया गया है। इसके साथ ही, बारां जिले में 11 अलग-अलग जगह करीब 20 बीघा कृषि भूमि, बारां में दो भूखंड, जिले के नाकोड़ा में 6 हजार वर्ग फुट का शोरूम, बारां मंडी यार्ड में 2625 वर्ग फुट की दुकान है। इसके अलावा कोटा, बारां, सीसवाली, अंता, मांगरोल में 5 आवासीय बिल्डिंग का ब्यौरा दिया है।

पति-पत्नी के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी

पाली से भाजपा प्रत्याशी पीपी चौधरी के पास करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी है। पीपी चौधरी के पास 27 करोड़ और उनकी पत्नी के पास 13 करोड़ की प्रॉपर्टी हैं। करोड़पति होने के बाद भी पीपी चौधरी के पास न जमीन है और न सोना-चांदी। लेकिन, तीन कारें उनके नाम हैं। उनकी पत्नी के नाम करीब 13 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। चौधरी के ऊपर भी 1.36 करोड़ रुपए का कर्जा है। लेकिन उन्होंने 58 लाख रुपए कर्ज किसी को दे रखा है। वहीं उनकी पत्नी पर 28.69 लाख का कर्ज है।

उम्मेदाराम बेनीवाल पर करोड़ों रुपए का कर्जा

बाड़मेर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी उम्मेदाराम बेनीवाल पर करोड़ों रुपए का कर्ज है। उम्मेदाराम बेनीवाल ने शपथ पत्र में खुद पर 6 करोड़ का कर्जा बताया है। वहीं उम्मेदाराम बेनीवाल दंपती के पास साढ़े 14 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। बेनीवाल के पास साढ़े 15 लाख रुपए कैश हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 6 लाख रुपए कैश है। अचल संपत्ति के मामले में दोनों बराबर हैं। दोनों के पास करीब 4-4 करोड़ की अचल संपत्ति है।

.