होमइंडिया
राज्य | राजस्थानमध्यप्रदेशदिल्लीउत्तराखंडउत्तरप्रदेश
मनोरंजनटेक्नोलॉजीस्पोर्ट्स
बिज़नेस | पर्सनल फाइनेंसक्रिप्टोकरेंसीबिज़नेस आईडियाशेयर मार्केट
लाइफस्टाइलहेल्थकरियरवायरलधर्मदुनियाshorts

राजस्थान के रण में आज 7 दिग्गजों का हल्ला बोल…अजमेर में शाह तो वागड़-मेवाड़ में प्रियंका भरेंगी हुंकार

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग में 10 दिन से भी कम का समय बाकी है। ऐसे में सियासत की बिसात पर शह और मात के खेल में सभी दलों की सक्रियता बढ़ गई है।
09:15 AM Nov 17, 2023 IST | Anil Prajapat
amit shah-Priyanka Gandhi-Mayawati

Rajasthan Election 2023 : जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग में 10 दिन से भी कम का समय बाकी है। ऐसे में सियासत की बिसात पर शह और मात के खेल में सभी दलों की सक्रियता बढ़ गई है। बीजेपी और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने राजस्थान के रण में पूरी ताकत झोंक दी है। गुरुवार को 6 बड़े नेताओं की 16 चुनावी सभाएं हुई।

बीजेपी की ओर से आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी राजस्थान में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं, कांग्रेस की ओर से आज प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार में व्यस्त रहेंगी। खास बात ये है कि राजस्थान के रण में आज से मायावती की एंट्री हो गई है।

जोधपुर संभाग के दौरे पर जेपी नड्डा

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लगातार दूसरे दिन राजस्थान के दौरे पर है। जेपी नड्डा आज बिलाड़ा, जैसलमेर, ओसिया, सूरसागर, सरदारपुरा, जोधपुर शहर और भोपालगढ़ विधानसभा के वोटर्स को साधेंगे। जेपी नड्डा जयपुर से सुबह 10.30 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 10.35 बजे हेलीकॉप्टर से ओसियां के लिए रवाना होंगे। सुबह 11.15 बजे ओसियां में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद नड्डा दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से बिलाड़ा के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1 बजे पीपाड़ में आम सभा को संबोधित करने के बाद नड्डा दोपहर 2.15 बजे हेलीकॉप्टर से जैसलमेर के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 3.15 बजे आम सभा करेंगे। इसके बाद जोधपुर जाएंगे, जहां पर शाम 6 बजे संघात्मक बैठक के बाद जोधपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

आज आएंगे अमित शाह, कल दौरा हो गया था रद्द

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। पहले वो गुरुवार को राजस्थान आने वाले थे। लेकिन, ऐन वक्त पर उनका दौरा रद्द हो गया था। अमित शाह आज बूंदी के हिंडोली में पेज की बावड़ी, मसूदा के विजयनगर और नसीराबाद में आम जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण और किशनगढ़ में रोड-शो करेंगे। रोड शो सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय से शुरू होगा, जो गांधी भवन तक निकाला जाएगा।

टोडाभीम में नितिन गडकरी की सभा

भाजपा के दिग्गज नेता व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी लगातार दूसरे दिन प्रदेश के दौरे पर है। गडकरी सुबह 11 बजे जयपुर भाजपा मीडिया सेंटर में प्रेस को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 से 3.30 बजे तक पार्टी की मीटिंग में भाग लेंगे। दोपहर 3.30 बजे जयपुर से हेलीकॉप्टर से टोडाभीम जाएंगे और शाम 4 बजे विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे टोडाभीम से हेलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

असम व उत्तराखंड के सीएम भी आएंगे

वहीं, असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी आज राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। हिमंता बिस्वा सरमा दोपहर 12 बजे सीकर के दांतारामगढ़ में भाजपा की विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे खंडेला में विजय संकल्प सभा को संबोधित करने के बाद अपराह्न 4 बजे जयपुर के चौमूं में चुनावी सभा करेंगे। वहीं, पुष्कर सिंह धामी अपराह्न 3 बजे सांगानेर विधानसभा क्षेत्र और शाम 5 बजे झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में सभा को संबोधित करेंगे।

वागड़-मेवाड़ में हुंकार भरेंगी प्रियंका गांधी

राहुल गांधी के दौरे के एक दिन बाद अब प्रियंका गांधी राजस्थान के दौरे पर है। प्रियंका गांधी आज वागड़ मेवाड़ में हुंकार भरेंगी। वो डूंगरपुर के सागवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में जनसभा करेंगी। दोपहर 12.30 बजे सागवाड़ा और अपराह्न 3 बजे चित्तौड़गढ़ में चुनावी सभा कर प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद रहेंगे।

चार दिन राजस्थान में रहेंगी मायावती

राजस्थान के चुनावी समर में अब बसपा प्रमुख मायावती की भी एंट्री हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती आज राजस्थान आ रही है। वो 20 नवंबर तक राजस्थान में 8 जनसभाओं को संबोधित करेंगी। मायावती आज सुबह 11 बजे धौलपुर, दोपहर 1 बजे भरतपुर के नदबई में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी।

गुरुवार को 6 बड़े नेताओं की हुई 16 सभाएं

इससे पहले गुरुवार को राजस्थान में 6 बड़े नेताओं ने 16 जगह सभा को संबोधित किया था। भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया। वहीं, कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी ने चुरू जिले के तारानगर, हनुमानगढ़ जिले के नोहर और गंगानगर जिले के सादुलशह में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया।

ये खबर भी पढ़ें:-जयपुर-दिल्ली के बीच बन रहा इलेक्ट्रिक केबल हाईवे, 2 घंटे में पूरा होगा सफर, किराया भी 30% कम

Next Article