For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

Rajasthan Election 2023 : दुल्हन की तरह सजे आदर्श पोलिंग बूथ…रेड कारपेट पर चल वोट डालने पहुंच रहे लोग

प्रदेश में विधानसभा चुनाव में इस बार चुनाव आयोग की ओर से कई नवाचार देखने को मिल रहे है।
07:56 AM Nov 25, 2023 IST | Anil Prajapat
rajasthan election 2023   दुल्हन की तरह सजे आदर्श पोलिंग बूथ…रेड कारपेट पर चल वोट डालने पहुंच रहे लोग

Rajasthan Election 2023 : जयपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव में इस बार चुनाव आयोग की ओर से कई नवाचार देखने को मिल रहे है। चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और सभी वर्गों के मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए आकर्षक सजावट की गई है। हर विधानसभा में अबकी बार महिला बूथ, युवा बूथ, दिव्यांग बूथ के साथ-साथ आदर्श बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक दिव्यांग मतदाता बूथ की भी स्थापना गई है, जिसमें मतदान प्रक्रिया का संचालन दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है।

Advertisement

इसी के तहत राजधानी जेएलएन मार्ग स्थित सेठ आनंदीलाल मूकबधिर विद्यालय को आदर्श और दिव्यांग बूथ बनाया गया है। जहां पर सारी व्यवस्थाएं दिव्यांग मतदानकर्मी संभाल रहे है। इस बूथ को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मतदाताओं के स्वागत में रेड कारपेट बिछाया गया है। बूथ को आकर्षक बनाने के लिए देर रात तक तैयारियां चलती रही। वहीं इन आदर्श बूथों पर लोकतंत्र के महापर्व की छटा बिखरती हुई नजर आ रही है।

जयपुर जिले में 29 आदर्श मतदान बूथ बनाए गए हैं। 10 शहरी विधानसभा क्षेत्रों में 2-2 और 9 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक आदर्श बूथ की स्थापना हुई। यहां मतदाताओं के स्वागत, पेयजल सहित बैठने के लिए समुचित इंतजाम करवाए गए हैं। वहीं, युवा मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए सभी मतदान बूथों पर सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। साथ ही, नव मतदाताओं को प्रथम मतदान का प्रमाण पत्र भी जारी किया जाएगा।

मतदाताओं के लिए वेटिंग रूम के साथ ही बनाया सेल्फी पॉइंट

बूथ पर वोट डालने के लिए आने वाले मतदाताओं के लिए सेठ आनंदीलाल मूकबधिर विद्यालय में प्रवेश द्वार से मतदान कक्ष तक हर गलियारे पर रेड कारपेट बिछाया गया है। वहीं, बूथ पर मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को अपनी बारी का इंतजार करने वेटिंग रूम बनाया गया है। यहां बैठने के लिए सोफे और कुर्सियां लगाई गई है। सभी मतदाताओं के लिए सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है। गौरतलब है कि इस बूथ पर सीएस और डीजीपी भी वोट डालते हैं।

महिला मतदानकर्मी भी संभाल रहे हैं मोर्चा

जयपुर जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 8-8 महिला बूथ स्थापित किए गए हैं। जिनमें मतदान दल की सभी कार्मिक महिलाएं होंगी। इसी प्रकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 8-8 युवा मतदाता बूथ बनाए गए हैं। जिनकी कमान युवा कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हाथों में होगी। बता दें कि जयपुर जिले की 19 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 172 महिला बूथ, 172 युवा मतदाता बूथ एवं 19 दिव्यांग बूथों की स्थापना की गई है।

ये खबर भी पढ़ें:-Rajasthan Election 2023: जानलेवा हमले में कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल जाट सहित कई लोग घायल

.