For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी विजया रहाटकर का कांग्रेस पर हमला, कहा- ‘राहुल गांधी को किसानों को मुंह दिखाने का भी अधिकार नहीं’

09:33 AM Jan 11, 2023 IST | Jyoti sharma
भाजपा प्रदेश सह प्रभारी विजया रहाटकर का कांग्रेस पर हमला  कहा  ‘राहुल गांधी को किसानों को मुंह दिखाने का भी अधिकार नहीं’

कोटा। भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव विजया रहाटकर ने कोटा में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। महिला अत्याचारों की पराकाष्ठा है, अपराधों की गिनती थम नहीं रही। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।

Advertisement

भ्रष्टाचार, अत्याचार का अंतहीन सिलसिला

उन्होंने कोटा में बीते मंगलवार को कहा कि युवा वर्ग बेहद निराश,  हताश है, परेशान है, कांग्रेस की राज्य सरकार के पास युवाओं के लिए कहीं कोई योजना नहीं है, कहीं कोई विश्वास नहीं है। 16 बार पेपर लीक हो चुके हैं। कुल मिलाकर के राजस्थान में भ्रष्टाचार जंगलराज और भ्रष्टाचार, अत्याचारों का अंतहीन सिलसिला चल रहा है। यह सरकार आपसी लड़ाई और आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े बहुमत से अपनी अगली सरकार बनाएगी।

राजस्थान में राहुल गांधी को पैर रखने का भी अधिकार नहीं

रहाटकर ने कहा कि राजस्थान की पवित्र भूमि पर राहुल गांधी को पैर रखने का भी अधिकार नहीं था, उन्होंने यहीं पर 1 से 10 तक गिनती गिन कर किसान कर्ज माफी की घोषणा की थी, जो कि अभी तक पूरी नहीं हुई है। उन्हें राजस्थान के किसानों को अपना मुंह दिखाने का भी अधिकार नहीं है, क्योंकि उनकी की गई किसान कर्ज माफ़ी की घोषणा अभी तक पूरी नहीं हुई है।

जनाक्रोश यात्रा की देशभर में चर्चा

उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा की अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जन आक्रोश यात्रा की देशभर में चर्चा हो रही है। जन आक्रोश यात्राओं और सभाओं को जनता का जबरदस्त समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि गहलोत ने युवाओं के भविष्य पर हथौड़ा चला दिया और कांग्रेस की 2023 में विदाई तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा जन आक्रोश यात्रा 1 लाख 15 हजार किलोमीटर चली जो कि देश और प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ है, आमजन को 92 लाख पत्रक भी बांटे गए।

उन्होंने कहा कि जन आक्रोश यात्रा राजस्थान की सभी पंचायतों और गांव गांव तक पहुंची है और 62 हजार से अधिक नुक्कड सभाएं और चौपालें हुई। राजस्थान के 1 करोड़ 20 लाख से अधिक लोगों से सम्पर्क हुआ है, जिसका संदेश प्रदेश के 8 करोड़ लोगों तक पहुंचा है।

.