भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नाबा किशोर दास को गोली मारने की खबर सामने आ रही है। एक अधिकारी के मुताबिक यह घटना झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर शहर में हुई। जहां एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) ने इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद मंत्री के समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं में सनसनी फैल गई। इसके बाद मंत्री को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब दास एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इस घटना को लेकर ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि एएसआई गोपाल दास ने मंत्री पर गोली चलाई। इस घटना में मंत्री नवदास घायल हुए हैं फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।