For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

ओडिशा में दर्दनाक हादसा, संबलपुर में नहर में गिरी कार, 7 लोगों की मौत 2 गंभीर घायल

12:47 PM Mar 31, 2023 IST | Sanjay Raiswal
ओडिशा में दर्दनाक हादसा  संबलपुर में नहर में गिरी कार  7 लोगों की मौत 2 गंभीर घायल

संबलपुर। ओडिशा के संबलपुर जिले में शुक्रवार तड़के भीषण हादसा हो गया। एक कार के नहर में गिर जाने से 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग एक शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे। संबलपुर उपजिलाधिकारी प्रभास दंसेना ने इस घटना की पुष्टि की है। वहीं पुलिस संभावना जता रही है कि गाड़ी चलाते समय चालक को नींद आ गई हो और कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई हो।

Advertisement

ड्राइवर के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा…

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा करीब रात के 2 बजे हुआ। एसयूवी कार में सवार लोग झारसुगुड़ा जिले के बरधरा गांव से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार से ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया। जिस वजह से सासन थाना क्षेत्र के परमनपुर गांव के पास ये हादसा हो गया और गाड़ी नहर में गिर गई। हादसे में दोनों घायलों को संबलपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। वहीं हादसे का शिकार हुए सभी मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए शवों को संबलपुर जिला मुख्यालय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

कार में 11 लोग थे सवार…

इधर, अस्पताल में भर्ती घायलों में एक ने बताया कि कार में 11 लोग सवार थे। सभी 11 लोग शादी समारोह में रात का खाना खाने के बाद कार से झारसुगुड़ा के लिए निकल गए। इसी दौरान रात करीब दो बजे कार हादसे की शिकार हो गई।

हादसे के बाद कार का ड्राइवर लापता…

फिलहाल, हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चला है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से कार का ड्राइवर लापता है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि कार के ड्राइवर का पता लगने के बाद ही हादसे की स्थिती स्पष्ट हो पाएगी।

.