For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

पूर्वी एशियाई यात्रा, जापान दौरे पर पहुंचे NATO प्रमुख

07:38 AM Feb 01, 2023 IST | Supriya Sarkaar
पूर्वी एशियाई यात्रा  जापान दौरे पर पहुंचे nato प्रमुख

तोक्यो। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध से वैश्विक खतरा पैदा होने पर जापान के साथ मजबूत संबंधों का आह्वान किया। वह अपनी पूर्वी एशियाई यात्रा के तहत जापान में हैं। उन्होंने कहा, कि हमारी सुरक्षा निकटता से आपस में जुड़ी हुई है। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के खिलाफ अमेरिका की अगुवाई में आर्थिक प्रतिबंध लगाने वाले देशों में जापान तुरंत शामिल हो गया था तथा उसने यूक्रेनी नागरिकों को मानवीय सहायता तथा गैरलड़ाकू रक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए।

Advertisement

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने चिंता जताई कि यूरोप में रूस की आक्रामकता एशिया में भी हो सकती है, जहां चीन की आक्रामकता तथा ताइवान के समीप उसके बढ़ते तनाव को लेकर पहले ही चिंता व्याप्त है। जापान ने हाल में नाटो से अपने संबंध मजबूत किए हैं। स्टोल्टेनबर्ग ने उत्तरी तोक्यो में इरुमा सैन्य अड्डे की यात्रा के दौरान कहा कि यूक्रेन युद्ध दिखाता है कि हमारी सुरक्षा निकटता से आपस में जुड़ी हुई है।

स्टोल्टेनबर्ग सोमवार देर रात को दक्षिण कोरिया से जापान पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में जीत जाते हैं तो यह यूक्रेनी नागरिकों के लिए एक त्रासदी होगी, लेकिन इससे दुनियाभर के निरंकुश नेताओं को भी बहुत खतरनाक संदेश जाएगा क्योंकि तब उन्हें ऐसा लगेगा कि अगर वे सैन्य शक्ति का इस्तेमाल करते हैं तो वे अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं।

उत्तर कोरिया को लेकर चर्चा 

स्टोलटेनबर्ग ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल से भी मुलाकात की और 2022 में उत्तर कोरिया द्वारा भारी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षणों के बारे में चर्चा की। इसके अलावा, स्टोलटेनबर्ग ने रविवार को अमेरिकी खुफिया रिपोर्टों का उल्लेख किया। जिसमें उत्तर कोरिया पर यूक्रेन में युद्ध का समर्थन करने के लिए रूस को हथियार उपलब्ध कराने का आरोप लगाया गया था। वहीं, उत्तर कोरिया ने नाटो प्रमख की इस यात्राओं की निंदा की।

(Also Read- सूरज से लाखों गुना ज्यादा ऊर्जा दिखी, रिसर्चर भी हो गए हैरान)

.