राजस्थान के कई इलाकों में छूटी धूजणी, लद्दाख, मनाली से ठंडा माउंट आबू
प्रदेश में शीतलहर और गलन के साथ सर्दी की हाड़ कंपाने वाली सर्दी-एंट्री हुई है। रविवार को प्रदेश में कई जगह पारा जमाव बिंदु से नीचे रहा, जिनमें जयपुर का जोबनेर, शेखावाटी फतेहपुर और चूरू के अलावा पर्यटन स्थल माउंट आबू शामिल हैं। रविवार को माउंट आबू का पारा -7 डिग्री दर्ज हुआ, जो लद्दाख, कुल्लू- मनाली से भी कम रहा। यहां के मैदानी इलाकों और खेतों में बर्फ जम गई। लोगों के हाथ-पांव ठंड के कारण सुन्न हो गए। वाहनों को सुबह स्टार्ट करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर 12 बजे तक लोग घरों में दुबके रहे। वहीं, कोहरे में वाहन रेंगते नजर आए।
किसानों की बढ़ी टेंशन, तापमान 9 डिग्री तक गिरा
प्रदेश में रविवार को कई जगहों का न्यूनतम पारा 9 डिग्री तक गिरा। टोंक में शनिवार को पारा 11.6 डिग्री था, जो रविवार को 2.1 डिग्री दर्ज हुआ। सीकर, भीलवाड़ा में पारा जमाव बिंदु के पास 0.5 डिग्री दर्ज हुआ। सीकर के आसपास के एरिया में ओस जम गई। इधर, रेगिस्तानी इलाकों में रविवार को सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। जोधपुर में पारा 4.8, जैसलमेर में 2.3, बाड़मेर में 6 डिग्री दर्ज हुआ। दूसरी तरफ बर्फ जमा देने वाली सर्दी ने किसानों की टेंशन भी बढ़ा दी है। रबी की फसल पर पाला पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
(Also Read- मौसम का मिजाज… जोधपुर में हुई मावठ, दिनभर रही गलन, शाम को शुरू हुई शीतलहर)
जोबनेर @-4.70C, पाइपों में जमी बर्फ
जयपुर के जोबनेर में पारा -4.7 डिग्री दर्ज हुआ। यहां शनिवार को पारा 3 डिग्री के करीब था। जो 7 डिग्री सेल्सियस गिर गया। यहां खेतों और सिंचाई करने वाले पाइपों तक में पानी जम गया। जोबनेर में इस सीजन में ये पांचवीं बार है, जब पारा माइनस में दर्ज हुआ और ये इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ।
12 साल में दूसरी बार पारा -2 से भी नीचे
प्रदेश का रेगिस्तानी एरिया चूरू में रविवार को पारा -2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 12 साल में यह दूसरा मौका है, जब चूरू में जनवरी के महीने में तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ हो।
कुल्लू मनाली से ठंडा राजस्थान
रविवार को माउंट आबू का तापमान -7 डिग्री रहा जो मनाली (-3.5), शिमला (2.8), कु ल्लू (0.3) और लद्दाख के गिलगित (-3.5) से भी काम दर्ज हुआ। माउंट आबू में अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। यहां घरों से बाहर खड़ी बाइक की सीट पर बर्फ जमी दूसरी तरफ घरों के बाहर बर्तनों में रखा पानी बर्फ में तब्दील हो गया।