For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

Rajasthan elections : प्रदेश में सबसे ज्यादा शतायु मतदाता झुंझुनूं जिले में, 105 साल की किन्नर लैला माई भी करेगी मतदान

04:13 PM Oct 30, 2023 IST | Sanjay Raiswal
rajasthan elections   प्रदेश में सबसे ज्यादा शतायु मतदाता झुंझुनूं जिले में  105 साल की किन्नर लैला माई भी करेगी मतदान

झुंझुनूं। राजस्थान में विधानसभा चुनाव में एक महीने से भी कम समय बचा है। मतदान को लेकर हर वर्ग में उत्साह है। इस बार 80 साल से अधिक उम्र वालों को घर पर ही वोट डालने की सुविधा दी जा रही है। सरकार का यह निर्णय बहुत ही अच्छा है। भले ही उम्र का शतक लगा चुके हैं, लेकिन मतदान का जज्बा किसी युवा से कम नहीं है। इस बार भी प्रदेश के हजारों शतायु (100 साल पार) मतदान करेंगे। उन्ही में से एक किन्नर लैला माई भी है। झुंझुनूं शहर में रह रही किन्नर लैला माई (105) को मतदान का बेसब्री से इंतजार है।

Advertisement

105 साल की किन्नर लैला माई चल फिर नही सकती है। ठीक से बोल सुन भी नहीं सकती है। आंखों में धूंधलापन है लेकिन का वोट डालने का जज्बा आज भी किसी युवा से कम नहीं है। लैला माई किसी भी चुनाव में वोट डालना नहीं भूलती है।

लैला खुद तो वोट डालती है ही साथ ही अपने शिष्यों को भी प्रेरित करती है। लैला माई ने कहा कि ट्रांसजेंडरों को वोट का अधिकार मिला है तो सरकार में भागीदारी भी मिलनी चाहिए। किन्नरों को भी टिकट के लिए दावेदारी जतानी चाहिए। उन्हें चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।

पिछली बार चारपाई पर गई थी वोट डालने…

लैला माई ने बताया कि पिछले बार उसके शिष्य उसे चारपाई पर बैठाकर मतदान कराने के लिए लेकर गए थे। इस बार 80 साल से अधिक उम्र वालों को घर पर ही वोट डालने की सुविधा दी जा रही है। यह बहुत ही अच्छा निर्णय है।

झुंझुनूं में प्रदेश में सबसे ज्यादा शतायु मतदाता…

शतायु मतदाताओं के मामले में झुंझुनूं जिला प्रदेश में पहले नंबर पर है। यहां जिलेभर में सौ वर्ष या इससे अधिक आयु के 1524 मतदाता हैं। रोचक बात यह भी है कि इनमें पुरुषों की संख्या मात्र 15 फीसदी है जबकि 1286 महिलाएं हैं। इनमें एक मतदाता ट्रांसजेंडर भी है। जिनका नाम किन्नर लैला माई है। किन्नर लैला माई 105 साल हो गई है। ऐसे में वो भी इस बार मतदान करेंगी।

गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनाव में इस बार झुंझुनूं जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 17 लाख 93 हजार 1 मतदाता (इनमें 12 ट्रांसजेंडर) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और अपना प्रतिनिधि चुनकर विधानसभा में भेजेंगे। झुंझुनूं जिले की बात करें तो सर्वाधिक 289 मतदाता उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र में और सबसे कम 111 मतदाता झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र में हैं जो 100 वर्ष की आयु पार कर चुके हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान करने को तैयार हैं।

.