For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

भरतपुर में बेखौफ बदमाश… दिनदहाड़े ज्वेलर को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, लूट ले गए जेवर

03:33 PM Oct 29, 2023 IST | Sanjay Raiswal
भरतपुर में बेखौफ बदमाश… दिनदहाड़े ज्वेलर को गोली मारकर उतारा मौत के घाट  लूट ले गए जेवर

भरतपुर। राजस्थान के के भरतपुर जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद है। यहां बेखौफ बदमाश आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे है। ताजा मामला बयाना कस्बे में सामने आया है। बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सर्राफा व्यावसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने व्यापारी के सीने में सीधे गोली मारी। इसके बाद बदमाश व्यावसायी से जेवर से भरे दो बैग लूटकर भाग गए। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं सर्राफा व्यावसायी की हत्या के बाद व्यापारी आक्रोशित हो गए। गुस्साए व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वारदात के विरोध में आज बयाना कस्बे को बंद रखा गया है।

Advertisement

बयाना पुलिस उपाधीक्षक अनीता मीणा ने बताया कि वारदात बयाना कस्बे में शनिवार शाम को छीपी गली के पास हुई। उस समय बयाना निवासी ज्वेलर बबलू जैन का बेटा मन्नी रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर जा रहा था। उसके पास जेवरों से भरे 2 बैग, नगदी और दुकान की चाबी थी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए। एक बदमाश ने मन्नी के सीने में गोली चला दी। इससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। उसके बाद बदमाश उसके हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए।

ज्वेलर ने भरतपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम…

दिनदहाड़े बीच सड़क हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने खून से लथपथ घायल ज्वेलर मन्नी को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे भरतपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां भरतपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, वारदात में युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।

आक्रोशित व्यापारियों ने थाने को घेरा…

वहीं घटना से आक्रोशित व्यापारियों रविवार को कस्बे के बाजार बंद रखकर अपना विरोध जताया। गुस्साए व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान जगह-जगह नाकाबंदी की गई है, लेकिन उसके बावजूद भी बदमाश आराम से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने व्यापारियों को भरोसा दिया है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बहरहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

.