For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

फिर से चमकेगा जयपुर, दूसरे दौर की वार्ता के बाद सफाई कर्मचारियों ने खत्म किया धरना, मानी गई सभी मांगें

12:55 PM Jan 19, 2023 IST | Jyoti sharma
फिर से चमकेगा जयपुर  दूसरे दौर की वार्ता के बाद सफाई कर्मचारियों ने खत्म किया धरना  मानी गई सभी मांगें

जयपुर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का धरना अब समाप्त हो गया है। सरकार के साथ दूसरे दौर की वार्ता सफल रही। साथ ही कर्मचारियों की मांगों को लेकर लिखित में समझौता करने पर भी सहमति बन गई है। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने अपना कार्य बहिष्कार खत्म कर दिया। कल दोपहर को सरकार के साथ सफाई कर्मचारियों की पहले दौर की बातचीत हुई थी।

Advertisement

सफाई कर्मचारियों के अध्यक्ष नंदकिशोक डिंडोरिया के साथ DLB डायरेक्टर हृदेश कुमार शर्मा, ग्रेटर निगम कमिश्नर महेंद्र सोनी, हैरिटेज कमिश्नर विश्राम मीणा ने संयुक्त रूप से बातचीत की। नंदकिशोर डिंडोरीया की मांगों पर लिखित में समझौता करने की भी बात भी मान ली गई।

ये मानी गईं मांगें

1- सफाई कर्मचारियों के 4500 रिक्त पदों पर भर्ती

2- इस भर्ती में 2018 से पहले मस्टर रोल पर लगे कर्मचारियों को प्राथमिकता

3- 1995 से पहले कोई कर्मचारी 45 वर्ष की आयु के बाद गंभीर बीमारी से पीड़ित हो जाता था, तो उसके परिवार के किसी भी आश्रित को नौकरी।

4- सफाई कर्मचारियों की भर्ती में वाल्मीकि समाज को शत प्रतिशत आरक्षण देना।

5- सफाई कर्मचारियों की भर्ती नियमों में संशोधन होगा।

6- नगरीय निकायों के कर्मचारियों का वेतन राज्य निधि कोष से दिया जाएगा।

7- रिटायर्ड सफाई कर्मचारियों और मृतक कर्मचारियों के परिजनों को ग्रेच्युएटी, पीएल या पीएफ का भुगतान होगा।

8- सफाई कर्मचारियों के RGHS कार्ड बनवाए जाएंगे।

दो दिन बाद अब शुरू होगी शहर की साफ-सफाई

सफाई कर्मचारियों की इस हड़ताल का असर पिंकसिटी की साफ-सफाई पर पड़ रहा था। कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। न ही कल से शहर में झाड़ू लगा न ही डोर-टू-डोर कचरा इकट्ठा करने वाले हूपर्स की आवाज कल से सुनाई दी। अब कर्मचारियों की मांगे मान ली गई हैं। अब  शहर की साफ-सफाई का काम जल्द शुरू हो जाएगा।

.