For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

जयपुर में दीवाली का सा माहौल…रातभर आतिशबाजी, 300 ड्रोन से आसमां में बनाया भगवान श्रीराम का स्वरूप

अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान सोमवार को छोटी काशी भी राम के रंग में रंगी रही। अयोध्या में ‘राम आए’ तो यहां उनके स्वागत में लोगों ने पलक पांवड़े बिछा दिए।
09:50 AM Jan 23, 2024 IST | Anil Prajapat
जयपुर में दीवाली का सा माहौल…रातभर आतिशबाजी  300 ड्रोन से आसमां में बनाया भगवान श्रीराम का स्वरूप
Albert-Hall-and-Ramniwas-Bagh

Ram Mandir Pran Pratistha Mahotsav : जयपुर। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान सोमवार को छोटी काशी भी राम के रंग में रंगी रही। अयोध्या में ‘राम आए’ तो यहां उनके स्वागत में लोगों ने पलक पांवड़े बिछा दिए। शहर को राम-हनुमान के ध्वजों से सजा दिया। घरों-बाजारों को दीयों से रोशन कर दिया।

Advertisement

जगह-जगह राम दरबार सजाकर आरती की गई।जगह-जगह शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी चौपड़ से लेकर रामगंज चौपड़ तक ऊंट घोड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसके साथ ही देर रात तक जमकर आतिशबाजी की गई। इसके चलते दिनभर शहर में दीवाली का सा माहौल रहा।

अल्बर्ट हॉल पर 35 फीट ऊंचे मंदिर का स्वरूप

अल्बर्ट हॉल पर राम मंदिर के जैसा 35 फीट ऊंचा मंदिर का स्वरूप बनाया गया। उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। अल्बर्ट हॉल पर एक लाख 11 हजार दीपकों से महाआरती की गई। महाआरती के साथ ही यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सिंगर रविंद्र उपाध्याय समेत कई कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी।

इसके साथ ही 300 ड्रोन से आसमान में भगवान श्रीराम का स्वरूप बनाया गया। सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार का आयोजन पहली हुआ, जिसे 3 से 4 किमी तक की दूरी से लोग देख सके। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी शिरकत की।

राम जानकी मंदिर में सुंदरकांड

चांदपोल गेट के पास सीकर हाउस में भगवान श्रीराम जानकी मंदिर में सुंदरकांड और दीपोत्सव का आयोजन हुआ। श्रीराम जानकी धाम सेवा समिति सीकर हाउस के अध्यक्ष मदन लाल बाजिया, महामंत्री एडवोकेट राजेश शर्मा, संरक्षक प्रकाश चंद गुप्ता ने बताया कि राम जानकी मंदिर से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा भी निकाली गई। सीकर हाउस, हाजी कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी, पेंटर कॉलोनी, कल्याण कॉलोनी से होते हुए शोभायात्रा वापस मंदिर पहुंची जहां पर सुंदर कांड के पाठ हुए। इस मौके पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का मंदिर परिसर में लाइव प्रसारण किया गया। शाम को भगवान राम की महाआरती की गई।

उत्तराखंड सभा ने शोभायात्रा निकाली

राजस्थान उत्तराखंड सभा राजस्थान प्रदेश की ओर से सिरसी रोड, पांच्यावाला में श्रीराम शोभा यात्रा निकाली गई। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, पार्षद सुखप्रीत बंसल, सभा अध्यक्ष बीएस रावत, प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह अधिकारी, संगठन मंत्री आनंद पांडे, बीना पंत, गोदावरी कांडपाल, कुलदीप सिंह, पूरन सिंह, भूप राम शर्मा, विनोद महिला, प्रदीप सिंह, कला खोलिया आदि ने सुबह 11 बजे श्रीराम शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। सभा अध्यक्ष बीएस रावत ने मुख्य अतिथि कर्नल राठौड़ का स्वागत किया। शोभा यात्रा में उत्तराखंड के भाई बहन उत्तराखंडी परिधान में शामिल हुए।

.