For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

राजस्थान में पर्यटकों का बढ़ा रुझान, फरवरी के मुकाबले मार्च में सैलानियों से गुलजार रही राजधानी, आय भी बढ़ी 

08:37 AM Apr 04, 2023 IST | Supriya Sarkaar
राजस्थान में पर्यटकों का बढ़ा रुझान  फरवरी के मुकाबले मार्च में सैलानियों से गुलजार रही राजधानी  आय भी बढ़ी 

प्रदेश के पर्यटन को 2023 में मानो चांद ही लग गए हैं, इसका प्रमाण है यहां हर महीने पर्यटकों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी। बढ़ते पर्यटन से जहां एक तरफ राजधानी की अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है वहीं पर्यटन विभाग की आय में बढ़ोतरी भी हो रही है। राजधानी में फरवरी के महीने की तुलना में मार्च में करीब बीस हजार से अधिक पर्यटकों ने राजधानी के पर्यटन स्थलों को देखा।

Advertisement

वहीं मार्च महीने में राजधानी घूमने के लिए स्टूडेंट्स की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई। इधर पर्यटन विभाग को आमेर महल से करीब सवा दो करोड़ रुपए की आमदनी हुई है। वहीं अल्बर्ट हॉल को 40 लाख और हवा महल से 73 लाख की आय हुई। इधर आमेर में फरवरी की तुलना में मार्च में रात्रि पर्यटन के प्रति पर्यटकों का रुझान कम हुआ है।

हवामहल में आए दस हजार अधिक सैलानी 

राजधानी के परकोटे में बने हवामहल में मार्च महीने में पर्यटकों का अधिक रुझान देखा गया। यहां फरवरी में एक लाख 26 हजार 861 पर्यटक आए थे, जो मार्च में बढ़कर एक लाख 36 हजार 147 पहुंच गए। यहां बढे़ करीब दस हजार पर्यटकों से विभाग को करीब 4 लाख अधिक की कमाई हुई। गौरतलब है कि यहां फरवरी में 69 लाख 89 हजार 570 आय हुई थी जो बढ़कर मार्च में 73 लाख 70 हजार 720 पहुंच गई।

अल्बर्ट हॉल देखने आए दो हजार से अधिक 

अल्बर्ट हॉल में भी सैलानियों की संख्या में भी फरवरी की तुलना में मार्च में इजाफा हुआ। फरवरी में 70 हजार 744 पर्यटक आए थे, जो मार्च में बढ़कर 73 हजार 749 पर पहुंच गए। फरवरी में 40 लाख 42 हजार 290 रुपए की आय हुई थी, जो बढ़कर 40 लाख 59 हजार 20 रुपए पहुंच गई।

पर्यटक घटे मगर आय बढ़ी 

आमेर महल में फरवरी की तुलना में मार्च में पर्यटक तो घटे, मगर आय बढ़ी। इसके कारण विदेशी पर्यटकों की टिकट की रेट ज्यादा है। यहां फरवरी में एक लाख 54 हजार 403 पर्यटक आए थे, जो घटकर मार्च में एक लाख 53 हजार 208 ही पहुंचे। फरवरी में 2 करोड़ 12 लाख 17 हजार 870 की आय हुई थी, जो बढ़कर मार्च में 2 करोड़ 12 लाख 57 हजार 620 पर पहुंच गई।

आय बढ़ने का कारण यहां फरवरी महीने में 17 हजार 501 विदेशी पर्यटक आए थे, जिनकी संख्या मार्च में बढ़कर 19 हजार 462 पर पहुंच गई। आमेर महल में नाइट में आने वाले पर्यटकों की संख्या में कमी देखी गई। यहां फरवरी महीने में नाइट टूरिज्म में 7 हजार 871 भारतीय पर्यटक आए थे, जो मार्च में घटकर 5 हजार 389 ही रह गए। इसके अलावा फरवरी महीने में नाइट में 328 विदेशी पर्यटक आए थे जो मार्च में घटकर आधे ही (153) रह गए।

स्टूडेंट्स की संख्या में हुई बढ़ोतरी 

मार्च में भारतीय स्टूडेंट्स का जयपुर घूमने के प्रति रुझान बढ़ा। राजधानी के सभी पर्यटक स्थलों पर फरवरी के महीने के मुकाबले मार्च में अधिक स्टूडेंट्स घूमने के लिए आए। आमेर में फरवरी में 23 हजार 127 आए थे जिनकी संख्या मार्च में बढ़कर 29 हजार 514 पहुंच गई। इसके अलावा हवामहल पर फरवरी में 10 हजार 151 स्टूडेंट्स आए जो बढ़कर मार्च में 13 हजार 766 पहुंच गए। इधर अल्बर्ट हॉल पर फरवरी में 8 हजार 977 स्टूडेंट्स आए थे, जिनकी संख्या मार्च में 10 हजार 961 पहुंच गई।

नाइट ट्यूरिज्म में आई कमी 

आमेर किला सुबह 8 से शाम 8 बजे तक खुलता है। किले में शाम को साढ़े 5 बजे बाद आने वाले पर्यटकों को नाइट ट्यूरिज्म की गिनती में रखा जाता है। इन दिनों इनकी संख्या में कमी हुई है- राजेश कुमार, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, आमेर फोर्ट

(Also Read- Right To Health : बेनतीजा रही सरकार से निजी डॉक्टर्स की आज हुई बातचीत, बिल के विरोध में कल होगी अब महारैली)

.