For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

मुकेश अंबानी सबसे अमीर भारतीय…गौतम अडाणी फिसले, साइरस पूनावाला तीसरे स्थान पर बरकरार

06:21 PM Oct 10, 2023 IST | Sanjay Raiswal
मुकेश अंबानी सबसे अमीर भारतीय…गौतम अडाणी फिसले  साइरस पूनावाला तीसरे स्थान पर बरकरार

नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। उन्होंने अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी को पीछे छोड़ दिया है। मंगलवार को जारी '360 वन वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2023' में मुकेश अंबानी 8.08 लाख करोड़ रुपए की वेल्थ के साथ टॉप पर हैं।

Advertisement

इस सूची में गौतम अडाणी पहले पायदान से फिसलकर दूसरे नंबर पर आ गए हैं। गौतम अडाणी की अभी वेल्थ 4.74 लाख करोड़ रुपए है। गौतम अडाणी की नेटवर्थ में हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट के कारण काफी गिरावट आई है। हुरुन इंडिया की भारत के सबसे अमीर व्यक्तियों की यह 12वीं एनुअल रैंकिंग है।

साइरस पूनावाला तीसरे स्थान पर बरकरार…

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के फाउंडर साइरस एस पूनावाला ने 2.78 लाख करोड़ रुपए की वेल्थ के साथ तीसरा स्थान बरकरार रखा है। वहीं एचसीएल के शिव नाडार 2.28 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ चौथे और गोपीचंद हिंदुजा 1.76 लाख करोड़ की वेल्थ के साथ 5वें नंबर पर हैं।

सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के फाउंडर और लीडर दिलीप संघवी 1.64 लाख करोड़ रुपए की वेल्थ के साथ छठे नंबर पर रहे। टॉप-10 की लिस्ट में एलएन मित्तल, राधाकिशन दमानी, कुमार मंगलम बिरला और नीरज बजाज भी शामिल हैं।

सबसे कम उम्र के बिलेनियर हैं कैवल्य…

लिस्ट में कुल 259 बिलेनियर हैं। इनकी संख्या पिछले साल की तुलना में 38 ज्यादा है। जेप्टो के फाउंडर कैवल्य वोहरा (20) लिस्ट में सबसे कम उम्र के बिलेनियर हैं। हुरुन लिस्ट के लॉन्च के बाद पहली बार, इस लिस्ट में शामिल अमीरों की क्युमुलेटिव वेल्थ बढ़कर 109 लाख करोड़ रुपए हो गई है। ये सिंगापुर, यूएई और सऊदी अरब की कंबाइन्ड जीडीपी से ज्यादा है।

अमीरों की क्युमुलेटिव वेल्थ में 8.5 फीसदी की बढ़ोतरी…

लिस्ट में शामिल अमीरों की क्युमुलेटिव वेल्थ में 8.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि एवरेज वेल्थ में 9.3 फीसदी की कमी आई है। रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि पिछले साल की तुलना में लगभग 1,054 इंडिविजुअल्स की वेल्थ में बढ़ोतरी देखी गई या सेम रही। इनमें से 278 नए चेहरे हैं, जबकि 264 की वेल्थ में गिरावट देखी गई और 55 लोग लिस्ट से बाहर हो गए।

.