For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

Buldhana Bus Accident : आग का गोला बनी बस, सोते हुए 26 लोग जिंदा जले, जानें-क्यों हुआ भीषण हादसा?

महाराष्ट्र के बुलढाणा में शनिवार तड़के दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। जिसमें 25 लोग जिंदा जल गए। वहीं, 7 लोग बुरी तरह झुलस गए।
09:50 AM Jul 01, 2023 IST | Anil Prajapat
buldhana bus accident   आग का गोला बनी बस  सोते हुए 26 लोग जिंदा जले  जानें क्यों हुआ भीषण हादसा

Buldhana Bus Accident : मुंबई। महाराष्ट्र के बुलढाणा में शनिवार तड़के दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। जिसमें 26 लोग जिंदा जल गए। वहीं, 6 लोग बुरी तरह झुलस गए। जिनका नजदीकी अस्पताल में उपचार जारी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भीषण हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है।

Advertisement

हादसा समृद्धि महामार्ग पर बुलढाणा के देउलगांव खोंड गांव के पास शनिवार तड़के 3 बजे के आसपास हुआ। हादसे के वक्त बस में 32 यात्री सवार थे, जो एक शादी समारोह में जा रहे थे। तभी बारिश के चलते एक बस आउट ऑफ कंट्रोल हो गई। इसी दौरान बस टैंक फट गया और आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भंयकर रूप ले लिया और यात्रियों को बस से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। जिसके चलते 26 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई।

बुलढाणा के एडीएम ने बताया कि बुलढाना बस दुर्घटना में 25 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक घायल ने उपचार के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। बुलढाणा के डिप्टी एसपी बाबूराव महामुनि ने बताया कि बुलढाना में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के करीब 3 बजे भीषण हादसा हो गया। जिसमें 26 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल 6 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के वक्त सो रही थी सवारियां

हादसे के वक्त सभी लोग बस में सो रहे थे। इसी दौरान बारिश के चलते बस फिसल कर बेकाबू हो गई और बस का डीजल टैंक फट गया। जिसके चलते बस में आग लग गई। लोगों की नींद खुलती उससे पहले आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में लिया और लोगों को बाहर तक निकलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, करीब आधा दर्जन लोग जैसे-तैसे बस से बाहर निकल आए, जो बुरी तरह झुलस गए। लेकिन, बस में फंसे लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई।

पहचान मुश्किल, डीएनए सैंपल से होगी शवों की जांच

बस हादसे में 26 लोगो के जिंदा जलने की वजह से उनकी पहचान होना काफी मुश्किल है। इसके लिए सभी 26 शवों का डीएनए सैंपल लेकर जांच की जाएगी। डीएनए सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही लोगों की पहचान हो पाएगी। इसके बाद ही सभी शवों को उनके परिजनों की सौंपा जाएगा।

केंद्र और प्रदेश सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

बुलढाणा बस हादसे में केंद्र और महाराष्ट्र सरकार ने दुख व्यक्त करते हुए जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

सीएम शिंदे ने दिए हादसे की जांच के आदेश

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ाराजा के पास समृद्धि राजमार्ग पर एक निजी बस की भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने भीषण दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। सीएम एकनाथ शिंदे ने बुलढाणा के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क किया और घटना की जानकारी ली। शिंदे ने दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए घायलों को सरकारी खर्च पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

पीएम और गृह मंत्री ने जताया दुख

बुलढाणा बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख प्रकट गया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई विनाशकारी बस दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

ये खबर भी पढ़ें:-कन्हैयालाल के हत्यारों को किसने पकड़ा? चुनावी साल में बीजेपी-कांग्रेस में छिड़ी बहस 

.