For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान : सभाओं का शुरू हुआ दौर, कल अजमेर में रंधावा लेंगे कार्यकर्ताओं की बैठक

03:24 PM Jan 26, 2023 IST | Jyoti sharma
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान   सभाओं का शुरू हुआ दौर  कल अजमेर में रंधावा लेंगे कार्यकर्ताओं की बैठक

भारत जोड़ो की तरह कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को भी राजस्थान में ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी में अब सभाओं का दौर शुरू हो चुका है। आज पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा जयपुर के जमवारामगढ़ में बैठक ले रहे हैं तो वहीं कल 27 फरवरी को अजमेर में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।

Advertisement

जमवारामगढ़ में डोटासरा की सभा

आज पीसीसी चीफ डोटासरा ने जयपुर के जमवारामगढ़ में जनसभा की। उन्होंने यहां पर भाजपा की कारगुजारियां और सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। सभी लोगों ने इस यात्रा को बेहद प्यार दिया। समाज के हर वर्ग से राहुल गांधी मिल रहे हैं उनकी समस्याएं सुन रहे हैं, बताइये कौन सा नेता है केंद्र में जो आपके पास आकर आपके सुख-दुख बांटता हो। डोटासरा ने कहा कि अब भाजपा पोस्टर के पीछे ही लड़ रही है कि सतीश पूनिया को यह चुभने लग गया कि भाजपा के पोस्टर में वसुंधरा राजे को भी जगह दी जा रही है। उन्हें अपने लिए जगह खतरे में लगने लग गई। भाजपा के अपने क्लेश खतम नहीं हो रहे उसे राज्य का कहां ध्यान रहेगा।

सोनिया गांधी की चादर होगी पेश

इधर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी आज रात को जयपुर पहुंच रहे हैं। वे कल अजमेर में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इस कार्य़क्रम में सीएम अशोक गहलोत भी शामिल हो सकते हैं, हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दरअसल कल 27 जनवरी को सुखजिंदर सिंह रंधावा और अशोक गहलोत दोनों ही अजमेर में होंगे। वे दोनों दिल्ली से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की भेजी गई चादर को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में पेश करेंगे। तो इसकी संभावना है कि रंधावा और गहलोत दोनों हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करें।

कल पंजाब के जांलधर जाएंगे गहलोत

अशोक गहलोत कल 27 जनवरी को सुबह 12 बजे पंजाब के जालंधर पहुंचेंगे। यहां वे जालंधर के सांसद स्वर्गीय संतोष सिंह चौधरी के भोग और अरदास कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह समारोह ल्यालपुर खालसा कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सीएम  गहलोत जालंधर से दोपहर 2.30 बजे अजमेर के किशनगढ़ एयरपोर्ट उतरेंगे।  इसके बाद वे 3 बजे दिल्ली से सोनिया गांधी की भेजी हुई चादर को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में पेश करेंगे। इसके बाद वे शाम 5 बजे जयपुर पहुंच जाएंगे।

.