For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

माफियाओं के आगे नतमस्तक गहलोत सरकार…' पूनिया बोले- आज प्रदेश का हर वर्ग प्रताड़ित

शेखावाटी क्षेत्र के खेतड़ी में मंगलवार को भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली गई। राजस्थान विधानसभा उपनेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां इसमें शामिल हुए।
07:53 PM Sep 19, 2023 IST | Kunal Bhatnagar
माफियाओं के आगे नतमस्तक गहलोत सरकार…  पूनिया बोले  आज प्रदेश का हर वर्ग प्रताड़ित

Jaipur News: शेखावाटी क्षेत्र के खेतड़ी में मंगलवार को भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली गई। राजस्थान विधानसभा उपनेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां इसमें शामिल हुए। खेतड़ी में इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर एवं अन्य स्थानीय नेताओं की मौजूदगी में मातृशक्ति द्वारा कलश यात्रा निकालने के साथ ही भाजपा के द्वारा भव्य रोड शो निकाला गया। इस दौरान डॉ. पूनियां ने कर्जमाफी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, कानून व्यवस्था के साथ कई मुद्दो पर राज्य सरकार को घेरा है।

Advertisement

कांग्रेस की होगी ऐतिहासिक हार

डॉ. पूनियां ने संबोधित करते हुये कहा कि, खेतड़ी से लेकर पूरे राजस्थान में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा में उमड़ रहा जनसैलाब इस बात का सुखद संकेत और प्रमाण है कि विश्व के लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में प्रचंड बहुमत की भाजपा की सरकार बनने जा रही है और कांग्रेस ऐतिहासिक हार के साथ सत्ता से दूर होने जा रही है।

प्रदेश का हर वर्ग प्रताड़ित- डॉ. पूनियां

डॉ. पूनियां ने आगे कहा कि, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कर्जमाफी का वादा पूरा नहीं करके किसानों से वादाखिलाफी की, बार-बार पेपर लीक से युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया, बिगड़ी कानून व्यवस्था और बढ़ते अत्याचारों से आमजन और बहन बेटियों के सम्मान-स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई, कांग्रेस शासन में प्रदेश का हर वर्ग प्रताड़ित है, जो कांग्रेस को सत्ता से विदाई करने को तैयार बैठा है।

पूरे प्रदेश में माफियाओं का आतंक

उपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर रहा, एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के 78% लोगों को काम के बदले रिश्वत देनी पड़ती है, पूरे प्रदेश में खनन माफिया, बजरी माफिया, रेत माफिया, पेपर लीक माफिया, तेल माफिया का आतंक है, जिनके आगे कांग्रेस की गहलोत सरकार नतमस्तक है और आमजन भय के माहौल में जी रहा है।

खेतड़ी की इस परिवर्तन संकल्प यात्रा में यहां मौजूद मातृशक्ति, बड़े बुजुर्गों और युवाओं को भरोसा दिलाता हूं कि भाजपा की सरकार बनने पर आपकी सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान, उन्नति, रोजगार और विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करेगी।

इससे पहले सतीश पूनियां ने सूरजगढ़ के बुहाना में भाजपा परिवर्तन संकल्प यात्रा को संबोधित किया, जहां उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के लोगों को मिल रहे लाभ को लेकर संवाद किया और प्रदेश में आने वाली भाजपा सरकार द्वारा किसानों और युवाओं की उन्नति के लिए कार्य किए जाने की प्रतिबद्धता जताई।

यह लोग रहे मौजूद

भाजपा परिवर्तन संकल्प यात्रा में सतीश पूनियां के साथ राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेंद्र सिंह, हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी, विधायक सुभाष पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष अहलावत, श्रवण बगड़ी, इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, जिला अध्यक्ष पवन मावंडिया इत्यादि उपस्थित रहे।

.