For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास का करेंगे घेराव

02:22 PM Feb 09, 2023 IST | Jyoti sharma
कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदर्शन  मुख्यमंत्री आवास का करेंगे घेराव

आज कांग्रेस सरकार के खिलाफ जयपुर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा सिविल लाइन फाटक पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रहा है। अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष एवं सादिक खान के नेतृत्व में मोर्चा के कार्यकर्ता, पदाधिकारी भाजपा मुख्यालय में एकत्रित हुए, उसके बाद सिविल लाइन की ओर कूच करते हुए फाटक पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने ढोल नगाड़े बजाकर जबरदस्त तरीके से प्रदर्शन किया, यहां पर भी विरोध के स्वरूप काले गुब्बारे लेकर हंगामा कर रहे हैं।

Advertisement

प्रदर्शन को लेकर चाक-चौबंद की गई सुरक्षा

हंगामे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सिविल लाइन फाटक पर कड़ी सुरक्षा की हुई है। भारी सुरक्षा बलों को तैनात किया हुआ है। मोर्चा के विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया भी शामिल हुए। उन्होंने यहां पर अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाया।

भाजपा की सफलता में अल्पसंख्यक मोर्चा का बहुत बड़ा हाथ

पूनिया ने कहा कि जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में डंका बजा रही है, उसमें अल्पसंख्यक मोर्चा का बहुत बड़ा हाथ है। आज पार्टी के 7 मोर्चे हैं जिसमें एससी एसटी, ओबीसी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा शामिल हैं। इनकी वजह से ही हमें देश प्रदेश की बुराइयों से लड़ने के लिए ताकत मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कार्य किए हैं वह आज तक किसी भी सरकार के कार्यकाल में नहीं हुए। आज देश के अल्पसंख्यक वर्ग को जो पहचान मिल रही है जो सुविधाएं मिल रही हैं जिसके लिए वह आजादी के 75 सालों तक मोहताज रहा, इन्हें जन-जन तक पहुंचाना है। और राजस्थान के कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना है।

गहलोत सरकार ने की है वादाखिलाफी

मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी जनता को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस सरकार की नाकामियों को गिनाया और देश में भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। मोर्चा के अध्यक्ष एवं सादिक खान ने गहलोत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब-जब राजस्थान में भाजपा की सरकार आई है तब तक अल्पसंख्यक वर्ग के लिए काफी अच्छे काम किए गए हैं। जामा मस्जिद का काम भैरों सिंह शेखावत की सरकार में बनवाया गया, वक्फ बोर्ड का भवन भी वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में बनाया गया, मदरसा बोर्ड के लिए जमीन भी भाजपा सरकार के दौरान ही मिली थी।

भाजपा सरकार में अल्पसंख्यक वर्ग को मिल रही सुविधाएं

सादिक खान ने कहा कि देश में मोदी सरकार अल्पसंख्यक वर्ग के लिए इतनी योजनाएं लेकर आई है, जिनसे इस वर्ग को काफी सहूलियत मिल रही हैं, सुविधाएं मिल रही है, सुरक्षा मिल रही है, शिक्षा मिल रही है, हर मोर्चे पर काम हो रहा है। इसके मुकाबले राजस्थान में अल्पसंख्यक वर्ग पिछड़ता जा रहा है। कांग्रेस सरकार इन पर ध्यान नहीं दे रही है बल्कि सिर्फ वोट बैंक के लिए लुभा रही है। इसका खामियाजा अब कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री आवास का करेंगे घेराव

बता दें कि बता दें कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए भी रवाना हो गया है। जिसके लिए सीएमआर की सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई है। इसके अलावा सिविल लाइन मार्ग को भी सुरक्षा से चाक-चौबंद किया गया है। इस प्रदर्शन में 50 से ज्यादा महिलाएं भी शामिल हुई हैं। वहीं 22 गोदाम पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया है।

.