For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

दिल्ली में सड़क पर काल बनकर दौड़ी DTC बस, कई वाहनों को रौंदा, एक की मौत, वीडियो वायरल

06:24 PM Nov 04, 2023 IST | Sanjay Raiswal
दिल्ली में सड़क पर काल बनकर दौड़ी dtc बस  कई वाहनों को रौंदा  एक की मौत  वीडियो वायरल

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां डीटीसी की एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हो गई। बस ड्राइवर ने बीच सड़क पर एक के बाद एक लगातार कई वाहनों को कुचल दिया और साथ ही एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मारी। इस घटना में कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कुछ लोग भी इस घटना में घायल हुए हैं। एक युवक की मौत हो गई है। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। दरअसल, यह घटना दिल्ली के रोहिणी इलाके में शनिवार दोपहर 2:24 बजे हुई।

Advertisement

घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है उसमें दिखाई दे रहा है कि दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (डीटीसी) की बस ( DL 51 GD 8942) के ड्राइवर का बस से संतुलन छूट गया। अनियंत्रित बस ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

बस की टक्कर से कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही बाइक और ई-रिक्शा से जा टकराई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा भी सड़क पर पलट गया। ई-रिक्शा में सवार यात्री उसके नीचे दब गए। वहीं बाइक सवार भी इन वाहनों में फंस गए। इसके बाद बस सड़क किनारे खड़े दर्जन भर से ज्यादा दो-पहिया वाहनों को रौंदते हुए रुक गई।

CCTV में दिखा बस का कहर…

सोशल मीडिया पर बस दुर्घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद तेज आवाज आई। आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग घबरा जाते हैं। वहां मौजूद हर व्यक्ति अपनी जान बचाते हुए दूर भागता दिखाई दिया। लोगों की नजर जैसे ही बस पर पड़ती है तो उनके होश उड़ जाते हैं। सभी बस अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आते हैं। बाइकों को रौंदने के बाद बस रुक जाती है। मौके पर मौजूद लोग बस की तरफ दौड़ते हैं और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालते हैं।

घायल व्यक्ति ने अस्पताल में तोड़ा दम…

इस घटना में दर्जन भर के करीब वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। साथ ही कुछ लोग घायल भी हुए हैं। सभी का इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि एक घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई है। हादसा किस कारण से हुआ है फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल, पुलिस जांच में जुटी हुई है।

.