For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

यूथ कांग्रेस चुनाव परिणाम में विवाद, 61 प्रतिशत वोट खारिज

07:11 AM May 17, 2023 IST | Anil Prajapat
यूथ कांग्रेस चुनाव परिणाम में विवाद  61 प्रतिशत वोट खारिज

Youth Congress election result : जयपुर। प्रदेश यूथ कांग्रेस संगठन चुनाव के परिणामों को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष प्रत्याशी सुधीन्द्र मूंड व यशवीर सूरा सहित पांच उम्मीदवारों ने परिणाम के प्रति आपत्ति जताते हुए शीर्ष नेतृत्व को इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चुनाव अधिकारियों को मेल के जरिए अपनी शिकायत भेजी है।

Advertisement

शिकायतकर्ता उम्मीदवारों का कहना है कि टोटल कितने वोट जमा हुए इसका आंकड़ा बताने के साथ फाइनल वोटर लिस्ट में से वोट कैसे कम किए गए और खारिज वोटों का आधार बताया जाए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रत्याशियों ने शिकायतों का समाधान नहीं होने तक इंटरव्यू में हिस्सा नहीं लेने की बात कही है।

करीब 12.30 लाख से अधिक वोटों को किया गया खारिज 

परिणामों में सबसे बड़ा विवाद खारिज किए गए वोट पर हो रहा है। यूथ कांग्रेस के लिए 20 लाख से ज्यादा वोट डाले गए थे। उनमें से 7.70 लाख वोट ही काउंट किए गए हैं। प्रत्याशियों का कहना है कि आधे से अधिक वोट किस आधार पर खारिज किए गए। टॉप-4 दावेदारों ने आरोप लगाया कि जो चुनाव परिणाम आया है वह अप्रत्याशित है। जो वोट जमा कराए थे, उसमें रिजेक्शन का प्रतिशत 70- 80 प्रतिशत है। जबकि दूसरे प्रत्याशियों का रिजेक्शन 30 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि वोटों के रिजेक्शन में छेड़छाड़ हुई है। पिछले चुनाव में भी एप से छेड़छाड़ हुई थी। इसको लेकर चुनाव आयोग में अपील कर रहे हैं। एक दावेदार ने बताया कि लगभग 4 लाख वोट में से75 प्रतिशत तक रिजेक्शन हो गया। वहीं दूसरी ओर जिन्होंने लगभग 3.5 लाख वोट जमा कराए उनका रिजेक्शन 30 प्रतिशत ही है।

ये खबर भी पढ़ें:-करप्शन के मुद्दे पर प्रदेश में जारी सियासत के बीच चौंकाने वाले आंकड़े आए सामने

विवादों से रहा पुराना नाता

यूथ कांग्रेस के चुनाव परिणाम में पहले कई बार गड़बड़ी के आरोप लग चुके हैं। 2020 के चुनावों में गड़बड़ी के चलते परिणाम दो बार जारी किया गया था। जिसमें पहले सबसे अधिक वोट सुमित भगासरा को मिले। मगर वे 10 दिन तक ही अध्यक्ष रह सके। भगासरा को चुनाव में विवादों के चलते हटना पड़ा और आखिरकार लाडनूं विधायक मुकेश भाकर को यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया। भाकर 2 महीने ही यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रहे। वे सचिन पायलट के साथ मानेसर चले गए। ऐसे में उन्हें यूथ कांग्रेस अध्यक्ष से हटा दिया गया। इसके बाद गणेश घोघरा को यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया। अब तक घोघरा ही यूथ कांग्रेस अध्यक्ष हैं। अब यूथ कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलेगा।

ये रहे टॉप 5 उम्मीदवार 

राजस्थान यूथ कांग्रेस चुनाव परिणामों में सबसे ज्यादा 23,0079 वोट अभिमन्यु पूनियां को मिले। दूसरे नंबर पर सुधींद्र मूंड रहे, जिन्हें 19,7385  वोट मिले। यशवीर सूरा 1,59,640 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे। वहीं चौथे स्थान पर खेल परिषद के उपाध्यक्ष सतवीर चौधरी को 71,959 वोट मिले और राकेश मीणा 20,740 वोट के साथ पांचवे नंबर पर रहे।

ये खबर भी पढ़ें:-मंदिरों पर सरकार करेगी करोड़ों खर्च, पुजारियों का मानदेय भी बढ़ाया

.