For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

लोकसभा चुनावों से पहले राजस्थान में BJP का अनूठा प्रयोग! आज से 3 दिन गांव में रहेगी भजनलाल सरकार

12:48 PM Feb 09, 2024 IST | Sanjay Raiswal
लोकसभा चुनावों से पहले राजस्थान में bjp का अनूठा प्रयोग  आज से 3 दिन गांव में रहेगी भजनलाल सरकार

Chalo Gaon Abhiyan : लोकसभा चुनाव और तीन सीटों पर राज्यसभा चुनाव की रणनीति को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। चुनाव से पहले ग्रामीण मतदाताओं से सीधे संपर्क स्थापित कर उन्हें अपने पाले में करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गांव चलो अभियान (Gaon Chalo Abhiyan) कार्य योजना बनाई है, जिसकी शुरुआत राजस्थान (Rajasthan) में 9 फरवरी 2024 यानी आज से शुरू हो रहा है।

Advertisement

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने रणनीति बनाते हुए गांव चलो अभियान की शुरूआत कर दी है। इस अभियान से बीजेपी ने प्रदेश में हर वर्ग तक पहुंचने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। शहरी पार्टी समझी जाने वाली भाजपा लगातार इस मिथक को तोड़ने का प्रयास कर रही है और यही कारण की है बीजेपी केंद्र के नेतृत्व में देशभर में गांव-गांव में ढाणी तक पहुंचने के लिए नई कोशिश शुरू की है।

भाजपा का आज से प्रदेशभर में ‘चलो गांव की ओर’ अभियान का आगाज हो गया है। इस अभियान के तहत बीजेपी गांव में लोगों से संवाद करेगी। ‘चलो गांव की ओर’ अभियान के चलते राजस्थान सरकार और नेता प्रदेश में रहेंगे। इस अभियान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित सभी मंत्री और विधायक शामिल रहेंगे। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता तीन दिन तक गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे। भाजपा के इस अभियान के तहत शुक्रवार से सीएम भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी सहित तमाम मंत्रिमंडल के सदस्य और पार्टी पदाधिकारी गांव में आम जनता के बीच न केवल रात्रि विश्राम करेंगे, बल्कि उनकी समस्याओं को भी सुनेंगे और उनका समाधान भी करेंगे। साथ ही मोदी सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम भी होगा।

राजस्थान में आज से शुरू हुआ अभियान

बीजेपी ने प्रदेशभर में 9 से 11 फरवरी तक सभी गांवों में पहुंचने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए चलो गांव की ओर...अभियान शुरू किया है। इस अभियान में खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में सभी जन प्रतिनिधी, भाजपा पद्वाधिकारी सहित 85 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता 54 हजार स्थानों पर एक दिवसीय रात्रि प्रवास करेंगे।

सभी नेता 24 घंटे प्रवास के दौरान गांव में प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। इस दौरान लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा। वहीं प्रवास के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा से जोड़ने, ब्रांड एम्बेसेडर बनाने और नमो ऐप डाउनलोड कराने का कार्य किया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल सहित सभी जन प्रतिनिधियों और पार्टी पद्वाधिकारियों के प्रवास तय किए गए। अभियान के दौरान संवाद के दौरान क्या-क्या जानकारी देनी है, इसको लेकर तैयारी की गई।

इन नेताओं का यहां होगा रात्रि विश्राम

चलो गांव की ओर…अभियान के प्रदेश संयोजक और प्रदेश प्रवक्ता ओम प्रकाश भडाना के मुताबिक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित अन्य भाजपापदाधिकारी, करीब 85 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के 54 हजार स्थानों पर एक दिवसीय रात्रि प्रवास करेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भीलवाड़ा में, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नागौर में, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सीकर में, कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ जयपुर दक्षिण में, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ चूरू में, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया जयपुर शहर में, अरूण चतुर्वेदी जयपुर दक्षिण में, अशोक परनामी अलवर दक्षिण में, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया जयपुर उत्तर में और प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल राजसमंद में रात्रि प्रवास करेंगे।

अभियान को लेकर प्रदेश समिति का गठन

चलो गांव की ओर अभियान को लेकर प्रदेश अभियान समिति का गठन किया गया है। इस समिति में एक संयोजक और 2 सह संयोजक रहेंगे। वहीं जिला अभियान समिति में एक संयोजक और 2 सह संयोजक रहेंगे। मंडल अभियान में एक संयोजक और 1 ही सह संयोजक रहेंगे। हर जगह नगर संयोजक और ग्राम संयोजक बनाए जाएंगे। जो गांव आने वाले कार्यकर्ताओं के सभी कार्यक्रम आयोजित करवाएंगे। 10 हजार आबादी वाले गांव में कार्यकर्ता भेजे जाएंगे। इस अभियान के पूरा होने के बाद भी लोकसभा चुनाव को लेकर हर 15 दिन में गतिविधियां जारी रहेंगी।

प्रदेश में 15 लाख 54 हजार नए मतदाता

बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राजस्थान निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया है। इस सूची में बताया गया है कि प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 32 लाख से अधिक हैं। जबकि 15 लाख 54 हजार से अधिक नए मतदाता शामिल किए गए हैं। जो पहली बार मतदान करेंगे। इसके अलावा राजस्थान में दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या भी बढ़ी है। प्रदेश के सभी जिलों में निर्वाचन विभाग द्वारा गुरुवार को राज्य के 199 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की एकीकृत फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया।

.