For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव परिणाम पर BJP बोली- PM के विकास के विजन की जीत 

प्रदेश के 12 जिलों के 14 नगरीय निकायों के 14 वार्ड पार्षदों के उप चुनाव में भाजपा को बढ़त मिली है।
07:57 AM May 09, 2023 IST | Anil Prajapat
नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव परिणाम पर bjp बोली  pm के विकास के विजन की जीत 

जयपुर। प्रदेश के 12 जिलों के 14 नगरीय निकायों के 14 वार्ड पार्षदों के उप चुनाव में भाजपा को बढ़त मिली है। निकाय चुनाव के परिणाम में 8 भाजपा, चार कांग्रेस और दो प्रत्याशी निर्दलीय निर्वाचित हुए हैं। चुनाव परिणाम को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा राजस्थान में भाजपा पर जनता का विश्वास फिर से साबित हो रहा है। कांग्रेस शासन की गैर वाजिब नीतियों व अंदरूनी कलह ने एक बार फिर से सरकार की पोल खोलकर रख दी है। वहीं इस जीत के बाद भाजपा में उत्साह है। राजस्थान में हुए स्थानीय निकाय उपचुनाव में जो परिणाम सामने आए हैं, वो बताते हैं कि कांग्रेस की सरकार से लोगों का भरोसा उठ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास का विजन पर अब अन्य राज्यों के बाद राजस्थान की जनता भी ठप्पा लगाना चाहती है। राज्य निर्वाचन आयुक्त मधुकर गुप्ता ने बताया कि नगरीय निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं की समस्त रिक्तियों पर उप चुनाव 7 मई को शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए हैं।

Advertisement

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में सरपंच पद एवं वार्ड पंच पदों के लिए संपन्न करवाए गए उप चुनाव का परिणाम उसी दिन 7 मई को जारी भी कर दिया गया है। सोमवार को आयुक्त गुप्ता ने बताया कि आयोग ने नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं में विभिन्न कारणों से 31 जनवरी 2023 तक हुई रिक्तियों के उपचुनाव अप्रेल-मई, 2023 के कार्यक्रमानुसार करवाए जा रहे हैं। पंचायतीराज संस्थाओं में 4 जिला परिषद सदस्यों, 12 जिलों की 22 पंचायत समितियों के 24 पंचायत समिति सदस्यों, 22 जिलों की 48 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों एवं 33 जिलों में 471 वार्ड पंचों के लिए उपचुनाव की घोषणा की गई थी। उन्होंने बताया कि 90 वार्ड पंचों व 7 ग्राम पंचायतों के सरपंचों पद के उप चुनाव का बहिष्कार होने या फिर एक भी नामांकन प्राप्त नहीं होने के कारण यह सीट खाली रह गई है।

38 ग्राम पंचायतों में 13 सरपंच पद पर महिलाएं विजयी 

गुप्ता ने बताया कि 38 ग्राम पंचायतों में से 13 में सरपंच पद पर 13 महिलाओं ने विजय प्राप्त की। जोधपुर जिले की पंचायत समिति बापीनी की ग्राम पंचायत बेदूकलां में निर्वाचित सरपंच नासिर खान सर्वाधिक 80 वर्ष की आयु में सरपंच बने। वहीं दौसा जिले की महवा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पीपलखेडा में निर्वाचित सरपंच पूजा गुर्जर न्यूनतम 22 वर्ष की आयु में सरपंच बनी हैं। गुप्ता ने बताया कि 33 जिलों की 471 ग्राम पंचायतों में वार्ड पंच के उप चुनाव में से 329 वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए और 2 वार्ड पंचों का उप चुनाव निरस्त किया गया तथा शेष 50 वार्ड पंचों का परिणाम जारी किया गया है। 14 निर्वाचित वार्ड पार्षदों में 8 महिला प्रत्याशी विजयी हुई है।

ये खबर भी पढ़ें:-‘सफेद कमीज’ बताने वालों को गहलोत का सीधा संदेश… दाग नहीं छिपने दूंगा

66.21 प्रतिशत रहा कुल मतदान 

गुप्ता ने बताया कि इन उप चुनाव में कुल मतदान 66.21 प्रतिशत रहा है। जिसमें सर्वाधिक 87.12 प्रतिशत मतदान ग्राम पंचायत रघुनाथपुरा पंचायत समिति उदयपुरवाटी, जिला झुंझुनूं की वार्ड संख्या 11 में एवं न्यूनतम 13.66 प्रतिशत मतदान ग्राम पंचायत कृष्णनगर कलां पंचायत समिति बाप, जिला जोधपुर की वार्ड संख्या 4 में रिकॉर्ड किया गया है। नगर निकायों में सम्पन्न हुए उप चुनावों में कुल मतदान 77.89 प्रतिशत रहा। जिसमें सर्वाधिक 92.12 प्रतिशत मतदान सीकर जिले की नगरपालिका रींगस के वार्ड संख्या 32 में और न्यूनतम 64.95 प्रतिशत मतदान अजमेर जिले की नगर परिषद ब्यावर के वार्ड संख्या 55 में दर्ज किया गया है।

ये खबर भी पढ़ें:-Road Accidents in Rajasthan : रोड पर रॉन्ग साइड से आ रही मौत, हर साल थम रही हजारों की सांसें

.