For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

'कांग्रेस के बैंक खातों से इनकम टैक्स ने पैसे निकाल लिए' लोकसभा चुनावों से पहले अशोक गहलोत का संगीन आरोप

01:01 PM Mar 22, 2024 IST | Sanjay Raiswal
 कांग्रेस के बैंक खातों से इनकम टैक्स ने पैसे निकाल लिए  लोकसभा चुनावों से पहले अशोक गहलोत का संगीन आरोप

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आयकर विभाग ने कांग्रेस पार्टी के सभी बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं, जिसके कारण अब कोई भी लेन-देन नहीं किया जा सकता। इसको लेकर कांग्रेस में हड़कंप की स्थिति है। शुक्रवार को राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (PCC) में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

Advertisement

कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से रुबरु होते हुए केंद्रीय एजेंसियों की इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। अशोक गहलोत ने कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के खाते सील कर दिए। अगर कोई मामूली चूक हुई तो पेनल्टी लगा देते, लेकिन IT विभाग ने तो कांग्रेस के खाते से ही 115 करोड़ रुपए निकाल लिए। आखिर यह देश क्या नॉर्थ कोरिया की दिशा में जा रहा है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते सीज करने का मामला अब गांव गांव तक पहुंच गया है। यह मामला अब केंद्र सरकार को ले डूबेगा।

2017-18 में कांग्रेस को 199 करोड़ रुपए मिले…

अशोक गहलोत ने कहा, 'डिजिटल इंडिया में आज अगर किसी के बैंक खाते सीज हो जाएं तो क्या वो शख्स व्यापार कर सकता है? क्या वो परिवार चला सकता है? आप कल्पना करके देखिए। ये मुद्दा आज गांव-गांव तक पहुंच चुका है, और इस सरकार को ले डूबेगा। इन्होंने कांग्रेस के बैंक खाते सीज किए हैं, वो भी बिना किसी कारण। अगर आंकड़ों पर बात करें तो साल 2017-18 में कांग्रेस को 199 करोड़ रुपए मिले थे। उसमें से सिर्फ 14 लाख 40 हजार रुपए की राशि नगद बैंक खाते में जमा की गई थी, जबकि बाकी राशि चेक के माध्यम से हुई थी।'

'आयकर विभाग ने क्राइम किया है'

अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि आयकर विभाग ने कांग्रेस के खाते से 115 करोड़ रुपए निकाल लिए हैं। एक बार 75 करोड़ रुपए निकाले, और फिर 60 करोड़ रुपए निकाले। अधिकारियों ने बैंकों में जाकर फ्रीज किए गए अकाउंड से इस पैसे को निकाला है। ऐसा करके इनकम टैक्स ने खुद क्राइम किया है। किसके इशारे पर किया है, ये आप समझ सकते हो। देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। अब तो उनकी पार्टी के नेता खुद ही कमेंट करने लगे हैं। अब बैंकों में जमा पैसा 100 करोड़ रुपए वो भी हम इस्तेमाल नहीं कर पा रहे।

अशोक गहलोत ने मीडिया को भी अपनी भूमिका निभाने के लिए कहा कि पाकिस्तान में क्या हुआ पिछले दिनों सभी ने देखा? क्या हमारे देश में स्थितियां उस दिशा में तो नहीं जा रही? अगर मीडिया सही भूमिका नहीं निभाएगा तो देश बर्बाद हो जाएगा।

.