For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

रेत के धोरों में दफन हुई एक और प्रेम कहानी…मांग भरते हुए सेल्फी ली फिर स्टेटस लगाकर फंदे पर झूले

08:39 PM Oct 13, 2024 IST | Ravi kumar
रेत के धोरों में दफन हुई एक और प्रेम कहानी…मांग भरते हुए सेल्फी ली फिर स्टेटस लगाकर फंदे पर झूले
Advertisement

Rajasthan News: पश्चिम राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर स्थित बाड़मेर जिला बढ़ती सामूहिक आत्महत्याओं की घटनाओं की वजह से सुर्खियों में है। सुसाइड कैपिटल के रूप में तब्दील हो रहे बाड़मेर में आए दिन सामूहिक आत्महत्या के मामले सामने आ रहे है। बाड़मेर में एक बार फिर युवक-युवती ने सामूहिक सुसाइड कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह एक युवक और नाबालिग लड़की पेड़ पर फंदे से लटके मिले। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बाइक और हेलमेट देखा तो शक हुआ। इसके बाद बाइक से टीले की तरह जाते पगमार्क देख वे टीले के ऊपर पहुंचे तो वहां पेड़ से दोनों के शव लटके मिले। यह घटना बाड़मेर के गिराब थाना इलाके की है।

पुलिस के अनुसार लड़की बाड़मेर शहर से शनिवार को लड़के के साथ बाइक पर गिराब पहुंची थी। सुसाइड से पहले लड़के ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर लड़की के साथ कुछ फोटो लगाए। एक फोटो में वह लड़की की मांग सिंदूर से भरते नजर आ रहा है वही दूसरी फोटो में लड़की सिंदूर लगाकर लड़के के साथ खुश नजर आ रही है। इसके बाद रविवार सुबह उनके शव टीले पर मिले है। कुछ दूरी पर बाइक मिली। जहां सुसाइड किया वहां उनके बैग, जूते और मोबाइल मिले हैं।

गिराब थानाधिकारी देवी सिंह के मुताबिक 22 वर्षीय पप्पू सिंह पुत्र छगन सिंह गिराब कस्बे का ही रहने वाला था। वहीं 17 वर्षीय लड़की बाड़मेर शहर की निवासी थी। लड़की शनिवार को घर से गरबा खेलने जाने की बात कहकर निकली थी। लोगों ने रविवार सुबह 6 बजे दोनों के शव देखे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लड़के के परिजन को मौके पर बुलाया। इसके बाद दोनों की पहचान हुई।

सुसाइड का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि युवक और लड़की का अफेयर चल रहा था। लड़की शनिवार शाम को अपने घर पर गरबा खेलने की बात कहकर निकली थी।

.