For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

गुढ़ा के बाद अब करीबियों पर सरकार की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, उदयपुरवाटी चेयरमैन हुआ सस्पेंड

राज्य सरकार ने मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा को बर्खास्त करने के बाद अब उनके करीबियों पर भी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ शुरू कर दी है।
07:25 AM Jul 26, 2023 IST | Anil Prajapat
गुढ़ा के बाद अब करीबियों पर सरकार की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’  उदयपुरवाटी चेयरमैन हुआ सस्पेंड
Rajendra Gudha Ramniwas Saini

(सुजीत शर्मा) : झुंझुनूं। राज्य सरकार ने मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा को बर्खास्त करने के बाद अब उनके करीबियों पर भी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ शुरू कर दी है। इसके तहत पहली गाज उदयपुरवाटी नगरपालिका के चेयरमैन रामनिवास सैनी पर गिरी है। जिन्हें स्वायत्त शासन विभाग ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। डीएलबी डायरेक्टर हृदेश कुमार शर्मा ने एक आदेश जारी कर चेयरमैन रामनिवास सैनी को न केवल चेयरमैन पद से बल्कि नगरपालिका सदस्य पद से भी निलंबित कर दिया है। इसके बाद गुढ़ा के समर्थकों में हड़कंप मच गया है।

Advertisement

इधर राजेन्द्र गुढ़ा ने मंगलवार सुबह से नारी सम्मान ऊंट गाड़ी यात्रा शुरू की। उधर, जयपुर से शाम को उदयपुरवाटी चेयरमैन के निलंबन के आदेश जारी हो गए। राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को गुढ़ा पर की गई कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। हालाकिं जिस मामले में चेयरमैन को निलंबित किया गया है।

उस मामले की जांच काफी समय से चल रही थी, लेकिन वर्तमान घटनाक्रम के दौरान ही चेयरमैन पर कार्रवाई होने से सभी इसे गुढ़ा के बगावती कदम से जोड़कर देखा जा रहा है। डीएलबी डायरेक्टर हृदेश कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेश में पद के दुरुपयोग के मामले का भी विस्तृत विवरण दिया गया है। दरअसल वर्ष 2022 में चेयरमैन ने नगरपालिका में चार बागवानों की नियुक्ति कर दी थी।

बागवान के उक्त चार पद नगरपालिका में स्वीकृत नहीं थे। जिन बागवानों को नियुक्ति दी गई थी वो आपस में रिश्तेदार थे। इसकी जांच करवाई गई तो सैनी की ओर से पद का दुरुपयोग करने की बात सामने आई। इसके बाद सैनी से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन विधिक परीक्षण में स्पष्टीकरण संतोषप्रद नहीं मिला। इसके बाद रामनिवास सैनी पर अध्यक्ष के रूप में अपने कर्तव्य का पालन नहीं करने और पद का दुरुपयोग करने के आरोप को प्रमाणित किया गया। उनका यह कृत्य प्रतिकूल आचरण माना गया।

गुढ़ा ने शुरू की नारी सम्मान यात्रा

लाल डायरी के बाद पूरे देश में छाए गहलोत सरकार के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार से उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र झुंझुनूं के उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के झड़ाया गांव से ऊंट गाड़ों के साथ नारी सम्मान यात्रा शुरू कर दी है। इसका गांवों में जगह-जगह स्वागत हो रहा है। बारिश के बावजूद न तो गुढ़ा और ना ही उनके समर्थक रुक रहे हैं। राजू बन गया जेंटलमेन.... गाना डीजे पर बजाया जा रहा है। गुढ़ा ने कहा कि वे अब पूरे राजस्थान में जाकर गहलोत सरकार के काले कारनामे बताएंगे।

मदन नहीं तो सदन नहीं: राठौड़ 

प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा है कि भाजपा विधायक मदन दिलावर का विधानसभा से निलंबन मामले में भाजपा सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि मदन नहीं तो सदन नहीं... के नारे के साथ भाजपा मदन दिलावर के निलंबन को रद्द करवाने की मांग करेगी। राठौड़ पीएम के प्रस्तावित सीकर दौरे की तैयारियों को लेकर सूरजगढ़ पंचायत समिति में भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों की बैठक लेने आए थे।

पत्रकारों के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजेंद्र सिंह गुढ़ा को लेकर सार्वजनिक मंच पर कहा था कि वे गुढ़ा के अहसानमंद हैं, जिन्होंने उनकी सरकार बचाई। दुर्भाग्यपूर्ण है कि गुढ़ा के इस अहसान को सीएम ने जूतों, लातों और थप्पड़ों से उतारा। उन्होंने कहा कि मेरे साथ राजेंद्र गुढ़ा का गठजोड़ बताया जा रहा है। यदि गहलोत मंत्रीमंडल के किसी सदस्य का गठजोड़ मेरे साथ है। तो गहलोत को सावधान हो जाना चाहिए। पता नहीं कितने ही लोगों को वो अपनी आस्तीन में लेकर घूम रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें:-Kargil Vijay Diwas : ‘दुश्मन पर भरोसा न करें, चाहे पाक हो या चीन’ पूर्व आर्मी चीफ का जवानों को संदेश

.